रुद्रपुर में बड़ा अग्निकाण्डः स्क्रैप गोदाम में धधकी भीषण आग! मची अफरा-तफरी, घंटों चला राहत और बचाव कार्य! लाखों का सामान जलकर राख

Major Fire Incident in Rudrapur: Massive Blaze Erupts in Scrap Warehouse! Chaos Ensues; Relief and Rescue Operations Continue for Hours! Goods Worth Lakhs Reduced to Ashes.

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत छतरपुर गांव में सोमवार सुबह एक पार्ट्स एवं स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

जानकारी के अनुसार छतरपुर गांव में प्रेम मौर्य की भूमि को किराये पर लेकर ओमेक्स निवासी व्यवसायी कमल अरोरा द्वारा पार्ट्स एवं स्क्रैप का गोदाम संचालित किया जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे अचानक गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा स्क्रैप, वाहन पार्ट्स व अन्य सामान धू-धू कर जलने लगा। गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने ट्यूबवेल, मोटरों और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण प्रयास नाकाम साबित हुए। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, सिडकुल चौकी पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। आग बुझाने के लिए सिडकुल स्थित कई बड़ी कंपनियों के दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया। इनमें टाटा मोटर्स, बजाज, हिंदुस्तान जिंक, अशोक लीलैंड, महिंद्रा तथा टीसीएस लालपुर के फायर वाहन शामिल रहे। सभी दमकल वाहन लगातार पानी के कई राउंड लगाकर आग पर काबू पाने में जुटे रहे। घटना की सूचना पर स्थानीय पटवारी और समाजसेवी सुशील गाबा भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील स्क्रैप सामग्री को कारण माना जा रहा है।