Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

नेशनल गेम्सः टिहरी पहुंचे सीएम धामी! कयाकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, उत्तराखंड के प्रभात कुमार ने जीता स्वर्ण पदक

National Games: CM Dhami reached Tehri! Kayaking-canoeing competition started, Prabhat Kumar of Uttarakhand won gold medal

टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को टिहरी झील कोटी कॉलोनी में 38वें राष्ट्रीय खेलों के अन्तर्गत आयोजित कयाकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने 1000 मीटर हीट कयाकिंग मेन्स प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक विजेताओं को मेडल पहनाकर एवं सोविनियर से सम्मानित किया। उक्त प्रतियोगिता में उत्तराखंड के प्रभात कुमार ने स्वर्ण पदक, एसएससीबी ने रजत तथा दिल्ली ने कांस्य पदक जीता। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि, वीरभूमि के बाद अब खेलभूमि के रूप में स्थापित हो रहा है। राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करना पहला और सुखद अनुभव है। 28 जनवरी से 38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य आयोजन हो रहा है। सारी खेल प्रतियोगिताएं उत्तराखण्ड के 11 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की गई, खिलाड़ियों के लिए सारे खेल ट्रैक बनाये गये तथा कोई भी खेल उपकरण बाहर से नहीं लाये गये। जहां 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड 25वें स्थान पर रहा था वहीं अब हमरा राज्य 38वें राष्ट्रीय खेलों में 7 स्थान पर है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने टिहरी में शीतकालीन पर्यटन की थीम पर डेस्टिनेशन टिहरी कैलेंडर 2025 लॉन्च किया। बता दें कि टिहरी झील में 38वें राष्ट्रीय खेल के अन्तर्गत तीन दिवसीय कयाकिंग-कैनोइंग प्रतियोगियों में 16 राज्यों के 160 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उड़ीसा, मणिपुर, कर्नाटक, केरल, पंजाब, चंडीगढ़, एसएससीबी आदि के 80 महिला खिलाड़ी एवं 80 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।

इधर हल्द्वानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में तलवारबाजी प्रतियोगिता में कश्मीर का दबदबा रहा। पहले राउंड में चल रहे प्रतियोगिता में कश्मीर के खिलाड़ी ने उत्तराखंड के खिलाड़ी को हराकर आगे की प्रतियोगिता में प्रवेश किया। वहीं उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने बताया कि उत्तराखंड के अंदर चल रहे नेशनल प्रतियोगिता में सभी इंटरनेशनल लेवल के मैदान तैयार किए गए हैं और सभी खिलाड़ी उत्तराखंड के मैदान और व्यवस्थाओं से काफी खुश हैं। 14 तारीख को समापन में गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं, जिसको लेकर प्रशासन और खेल विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। 14 तारीख को भव्य रूप से हल्द्वानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल मैदान में समापन किया जाएगा, जिसके लिए पूरी तैयारी जोरों पर चल रही है।