नैनीतालः बजून क्षेत्र में पर्यटकों की कारों की टक्कर! एक महिला गंभीर रूप से घायल, हायर सेंटर रेफर

Nainital: Tourist cars collide in the Bajun area! One woman seriously injured and referred to a higher center.

नैनीताल। नैनीताल के बजून क्षेत्र में कैंची धाम की ओर जा रहे पर्यटकों के वाहनों के बीच सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में आधा दर्जन पर्यटक घायल हो गए, जबकि एक महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दुर्घटना के दौरान एक महिला पर्यटक सड़क किनारे खड़ी होकर अस्वस्थ होने के कारण उल्टियां कर रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रही एक स्विफ्ट कार ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी और फिर अनियंत्रित होकर पलट गई। पलटी हुई कार सड़क किनारे खड़ी महिला पर्यटक के ऊपर जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को जिला अस्पताल बीडी पांडे पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायल पर्यटकों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। स्थानीय निवासी पवन जाटव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना इस हादसे का प्रमुख कारण प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।