नैनीताल:प्रशासन का SIR को लेकर मेगा सर्वे,लाखों वोटर्स का हो रहा सत्यापन,77% से ज्यादा मतदाताओं की मैपिंग पूरी,क्या है Book a Call with BLO? लिंक में पढ़ें
फोटो युक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अपर जिलाधिकारी एवं अपर जिला निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल विवेक राय की अध्यक्षता में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं उनके प्राधिकृत बीएलए-1 (Booth Level Agent) के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों के लिए बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने पर जोर दिया गया। प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों से जल्द से जल्द अपने-अपने एजेंट नियुक्त करने का आग्रह किया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक Indian National Congress द्वारा 643 तथा Bharatiya Janata Party द्वारा 913 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं। अन्य राजनीतिक दलों से भी शीघ्र नियुक्ति करने का अनुरोध किया गया है।
विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत प्रारंभिक चरण में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा वर्ष 2003 की निर्वाचन नामावली में दर्ज मतदाताओं का वर्तमान नामावली से BLO ऐप के माध्यम से मिलान किया जा रहा है। कुल 8,14,878 मतदाताओं के सापेक्ष 6,31,277 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो लगभग 77.47 प्रतिशत है।
इसके अलावा 1 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक युवा एवं महिला मतदाताओं की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को जागरूक करने के साथ समन्वय संवाद स्थापित कर रहे हैं।
बैठक में Election Commission of India की डिजिटल पहल “Book a Call with BLO” के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस सुविधा के माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी से सीधे संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा मतदाता फोटो पहचान पत्र से संबंधित सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही मतदाता संबंधी शिकायतें एवं प्रश्न सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंचेंगे और उनका समाधान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे सहित जनपद के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी हरिश चंद्र, प्रकाश पटवाल, प्रकाश पाठक, मनोज कुमार शर्मा, प्रताप सिंह रैकवाल और बहादुर सिंह नगदली समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।