नैनीताल: भवाली में सड़क हादसा! घायलों को हल्द्वानी अस्पताल जाने के लिए नही मिली एंबुलेंस, मदद को आगे आए युवा
नैनीताल। शनिवार शाम को भवाली के समीपवर्ती फरसोली मे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने तीनो युवको को प्राथमिक उपचार के पश्चात हल्द्वानी रेफर कर दिया। जिसके बाद परिजन अस्पताल प्रशासन से एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की गुहार लगाते रहे, परंतु अस्पताल में एंबुलेंस व ड्राइवर की कमी के कारण अस्पताल ने असमर्थता जतायी। अस्पताल में मौजूद अल्मोड़ा जनपद की एंबुलेंस और उसके चालक ने भी मरीज को ले जाने से इनकार कर दिया। हंगामा बढ़ता देख लोगों ने इसकी सूचना भवाली के सामाजिक कार्यों से जुड़े स्थानीय युवाओं को दी। सूचना मिलते ही युवाओं की टीम अस्पताल पहुंची व तत्काल सीएमओ नैनीताल से संपर्क कर घायलों को एम्बुलेंस से उपचार हेतु हल्द्वानी भेजा। खबर है कि अस्पताल ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई।
युवाओ ने कहा कि क्षेत्र का एकमात्र अस्पताल एम्बुलेंस चालकों व आवश्यक संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। प्रशासन व सरकार ने इस ओर ध्यान देना चाहिए। इस दौरान आयुष कुमार, पवन रावत, प्रदीप आर्या, राहुल रावत, अर्पित साह आदि कई युवा मौजूद रहे।