Aug 19, 2026 Login

Nainital: खेल मैदान में हो रहे विकास कार्यों पर उठे सवाल! सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संगठनों ने खोला मोर्चा, बड़े स्तर पर चला हस्ताक्षर अभियान

 Nainital: Questions raised on the development work being done in the playground! Social, religious and political organizations opened front, signature campaign started on a large scale

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के एकमात्र खेल मैदान फ्लैट्स मल्लीताल में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर तमाम लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यहां पर अनियोजित विकास कार्य किए जा रहे हैं, जो किसी भी सूरत उचित नहीं है। इसको लेकर शहर के धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया है और शासन-प्रशासन को ज्ञापन आदि दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में आजाद मंच द्वारा जहां वित्त एवं शहरी विकास मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया, वहीं हस्ताक्षर अभियान चलाकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में लोगों ने कहा गया कि नैनीताल नगर पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केन्द्र है और नैनीताल यहां होने वाले सभी प्रकार के मेले, कार्यक्रम, खेल, पार्किंग व अन्य सभी महत्वपूर्ण गतिविधियां खेल मैदान फ्लैट्स मल्लीताल में आयोजित किए जाते हैं। कहा कि नैनीताल में लगभग 110 वर्षों से मां नंदा सुनंदा का मेला व रावण दहन के कार्यक्रम इसी मैदान में आयोजित किए जाते हैं, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा ऐतिहासिक फ्लैट्स मैदान में अनियोजित विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे मैदान पर होने वाले आयोजनों में बाधा उत्पन्न होनी स्वाभाविक है। कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नैनीताल फ्लैट्स पार्किंग पर बीचों-बीच बॉक्सिंग रिंग बनाया जा रहा है जो भविष्य में मां नंदा सुनंदा मेले स्थल को बाधित करेगा और मां के डोले के मार्ग को भी अवरूद्ध करेगा। कहा कि नैनीताल की आलौकिक नैसर्गिक सौन्दर्य के कारण पूरे विश्व में ख्याति प्राप्त है जिसमें नैनीताल की झील का एक बहुत बड़ा योगदान है, लेकिन विगत कुछ वर्षों में छोटे-छोटे पार्क बनाकर उनपर ताला लगाकर नैनीताल झील को अवरूद किया गया है और उसी क्रम में अब नैनीताल फ्लैट्स मैदान को चारों ओर से बंद किया जा रहा है। कहा कि अनियोजित कार्यों से नैनीताल झील का अवलोकन तो बाधित होगा ही साथ ही मां नंदा सुनंदा व रावण दहन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आवागमन व निकासी हेतु एक ही मार्ग बच जाएगा, जबकि पूर्व में दो निकासी द्वार कैपिटल सिनेमा घर के आगे थे जिन्हें बंद कर दिया गया। अब जिससे भविष्य में आपदा होने का खतरा बढ़ जायेगा। बताया कि फ्लैट्स के चारों ओर लगी रैलिंग दशकों से नैनीताल के सौंदर्य को बढ़ाने का कार्य कर रही है व उसको हटाकर भालानुमा तीर से चाहरदीवारी करना अनावश्यक लगता है। बताया कि नैनीताल की सबसे बड़ी समस्या कार पार्किंग के लिए भी फ्लैट्स मैदान का बहुत बड़ा योगदान है, लेकिन इस अनियोजित विकास से मल्लीताल फ्लैटस पार्किंग बंद होने का भी खतरा मंडरा रहा है, जबकि नैनीताल शहर के अंदर अभी इस मल्लीताल फ्लैटस पार्किंग की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। कहा कि जनहित में अनियोजित विकास को रोका जाए।
 
वहीं आजाद मंच ने वित्त एवं शहरी विकास मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि मल्लीताल फ्लैटस के सौंदर्यीकरण का कार्य तुरंत रोका जाना चाहिए। ज्ञापन में रॉक क्लाइबिंग आर्टिफिशियल वॉल को हटाकर शहर से बाहर स्थापित करने की मांग की गयी। वहीं कैपिटल सिनेमा के सामने बनाए गए पार्क को हटाकर पुनः पुरानी व्यवस्था लागू किए जाने की मांग की गयी। ज्ञापन में पुराने पैडल रिक्शा पुनः सुचारू करने समेत तमाम मुद्दे उठाए गए।