नैनीतालः कुमाऊं आयुक्त ने जिलाधिकारी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण! खामियां मिलने पर चढ़ा पारा, अधिकारियों को फटकार के साथ नोटिस जारी
नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने आज नैनीताल जिलाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खनन, आर्म्स सहित विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आने पर आयुक्त ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने अपर जिलाधिकारी कार्यालय के एडीएम कोर्ट में लंबे समय से लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने पाया कि कई मामले दस वर्ष से अधिक समय से लंबित हैं और अनेक फाइलों पर आवश्यक हस्ताक्षर तक नहीं किए गए हैं। इस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और दो माह के भीतर सभी लंबित मामलों के निस्तारण एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष निरीक्षण के दौरान जिन कमियों की ओर ध्यान दिलाया गया था, वे अब भी जस की तस बनी हुई हैं, जो गंभीर लापरवाही का परिचायक है। उन्होंने रिकॉर्ड रूम के प्रभारी अधिकारी के खिलाफ नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खनन और आर्म्स शाखा का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने जिले के सभी गन हाउसों में उपलब्ध हथियारों और कारतूसों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को जिलेभर में मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।