नैनीताल:राज्य अतिथि गृह में बिजली का काम बना काल,विद्युत कार्य के दौरान 31 वर्षीय कर्मचारी की दर्दनाक मौत
नैनीताल के राज्य अतिथि गृह परिसर स्थित मानस कुंज में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से विद्युत विभाग के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद कर्मचारी को गंभीर हालत में जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि 31 वर्षीय महेंद्र सिंह, जो मूल रूप से रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र के निवासी थे, राज्य अतिथि गृह परिसर में विद्युत संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।