प्रतिशोध की आग में कत्ल: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में छह लोगों की बेरहमी से हत्या,आरोपी गिरफ्तार

Murder fueled by revenge: Six people brutally killed in Telangana's Ranga Reddy district; accused arrested.

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से दिल दहला देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ शाबाद मंडल सेंटर के दैवलागुडा में शनिवार सुबह प्रतिशोध और सनक में अंधे एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों समेत कुल छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने वाली नाबालिग लड़की, उसकी मां और दादी भी शामिल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजकुमार को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजकुमार के खिलाफ बीते 16 मई को एक नाबालिग लड़की को परेशान करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह शिकायत पीड़ित लड़की और उसकी मां ने दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हाल ही में वह अदालत से जमानत (बेल) पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद से ही वह केस दर्ज होने के कारण गहरे तनाव और गुस्से में था, जिसका खौफनाक अंत शनिवार सुबह इस नरसंहार के रूप में हुआ। इस रूह कपांने वाली वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजकुमार ने खुद अपने माता-पिता को इस सामूहिक हत्याकांड की जानकारी दी। बेटे के मुंह से छह लोगों के कत्ल की बात सुनकर माता-पिता के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी और डिप्टी कमिश्नर योगेश गौतम के नेतृत्व में भारी पुलिस बल खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह साफ तौर पर पॉक्सो केस के प्रतिशोध का मामला लग रहा है। मृतकों की सूची इतनी दर्दनाक है कि जिसने भी सुना, उसकी रूह कांप गई। मृतकों में आरोपी राजकुमार की पत्नी,आरोपी की 3 वर्षीय बेटी, 2 वर्षीय बेटा,पीड़ित नाबालिग लड़की,पीड़ित लड़की की मां,पीड़ित लड़की की बुजुर्ग दादी शामिल हैं। वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव और शोक का माहौल है। आरोपी के साले ने मीडिया को बताया कि जेल से छूटने के बाद से ही राजकुमार मानसिक रूप से काफी परेशान था और केस को लेकर रंजिश पाले हुए था। पीड़ित परिवार और आरोपी के रिश्तेदारों ने मांग की है कि छह मासूम और बेगुनाह लोगों की जान लेने वाले इस दरिंदे को कानून के तहत जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा (फांसी) दी जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।