उत्तराखंड में मानसून की एंट्रीः दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट! बागेश्वर में कल 1 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, नैनीताल समेत कई जिलों में अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील

Monsoon arrives in Uttarakhand: 'Orange alert' for heavy rain over the next two days! All schools and Anganwadi centers in Bageshwar will remain closed tomorrow, July 1; several districts, including

देहरादून। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 30 जून को उत्तराखंड में दस्तक दे दी है। मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से देहरादून, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी और बागेश्वर जैसे जिलों में अत्यधिक बारिश, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। इधर भारी बारिश के अलर्ट के चलते बागेश्वर में कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। इसको लेकर आदेश भी जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में मानसून ने निर्धारित समय से कुछ देर बाद दस्तक दी है, लेकिन इसके सक्रिय होते ही कई जिलों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के मौसम वैज्ञानिक डॉ. रोहित थपलियाल ने बताया कि 30 जून को मानसून ने आधिकारिक रूप से उत्तराखंड में प्रवेश कर लिया है।

उन्होंने बताया कि जून महीने में प्रदेश में कुल 83 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 132 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी। यानी इस बार जून माह में सामान्य से काफी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने एक और दो जुलाई के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। एक जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश के दौर और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। दो जुलाई को भी मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।