हल्द्वानी के केवीएम स्कूल में भीषण आग, दो बसें जलीं, अग्निशमन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
हल्द्वानी। शहर के मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम स्कूल में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते स्कूल भवन का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे स्कूल परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर में खड़ी दो स्कूल बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि अग्निकांड में स्कूल भवन और अन्य संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।