Oct 20, 2026 Login
Awaaz24x7-government

कोलकाता के होटल में तड़के भीषण अग्निकांड: 9 लोगों की दर्दनाक मौत और 6 घायल,धुएं से मची अफरातफरी

Massive fire at a Kolkata hotel in the early hours: 9 dead and 6 injured; smoke triggers panic.

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब मध्य कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक व्यस्त होटल में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक अग्निकांड में अब तक कम से कम नौ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। हादसा मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुआ। आग लगने के बाद होटल में धुआं भर गया, जिससे कई लोगों की जान पर बन आई। दमकल और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार आग रात करीब 1:45 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। होटल की ऊपरी मंजिलों में धुआं इतना घना था कि दमकलकर्मियों को सीढ़ियों के जरिए ऊपर पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने तलाशी अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला। अधिकारियों ने अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है। छह घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत को ठंडा करने और अंदर किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को देखते हुए तलाशी अभियान जारी है। पुलिस ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पश्चिम बंगाल में हाल के एक अन्य होटल अग्निकांड की भयावह याद भी ताजा कर दी। सोमवार तड़के बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल थे। उस मामले में होटल मालिक कल्याण पाल समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। बीरभूम के होटल में आग तड़के करीब 4:30 बजे लगी थी। चार मंजिला होटल के भूतल से शुरू हुई आग दूसरी मंजिल तक पहुंच गई थी। घने धुएं के कारण कई लोग कमरों में फंस गए थे। हादसे के समय होटल में करीब 43 लोग ठहरे हुए थे। आग की सुरक्षा व्यवस्था में संभावित खामियों की जांच की जा रही है। लगातार दो होटल अग्निकांडों में हुई मौतों के बाद अब होटल और व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि कोलकाता हादसे की जांच के बाद आग लगने की वास्तविक वजह और सुरक्षा व्यवस्था में किसी लापरवाही का पता लगाया जाएगा।