मन की बात: पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद आज पहली बार रेडियो पर देश से रूबरू होंगे पीएम नरेंद्र मोदी

Mann Ki Baat: Following the election results in five states, PM Narendra Modi will address the nation on the radio today for the first time.

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने बेहद लोकप्रिय और मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 134वें एपिसोड को संबोधित करेंगे। पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के आने के बाद यह प्रधानमंत्री का पहला रेडियो संबोधन है, जिसके चलते इस एपिसोड को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी), दूरदर्शन और सरकार के तमाम आधिकारिक डिजिटल व सोशल मीडिया चैनलों पर एक साथ किया जाएगा।

मन की बात' के जरिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपनी मुहीम के तहत प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर की पारंपरिक और स्वादिष्ट 'कलारी चीज' का विशेष रूप से उल्लेख किया था। पीएम मोदी ने इसे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और खान-पान की विरासत का हिस्सा बताते हुए कहा कि ब्राजील में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय चीज प्रतियोगिता में इसे वैश्विक सफलता मिली है। प्रधानमंत्री के इस संबोधन के बाद 'कश्मीर का मोजेरेला' कहे जाने वाले इस स्थानीय व्यंजन की मांग और बिक्री में बाजार के भीतर जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। प्रधानमंत्री ने देश की युवा प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाते हुए केरल के तिरुवनंतपुरम की 12वीं कक्षा की छात्रा संजना फिलो चाको की सफलता की कहानी देश के सामने रखी। संजना ने फ्रांस के बोर्डो में आयोजित 'यूरोपियन गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड' 2026 में रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। संजना उस चार सदस्यीय भारतीय टीम का हिस्सा थीं, जिसका चयन एक बेहद कठिन राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के बाद हुआ था। अपने संबोधनों में तकनीक और इतिहास के संगम पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने 'नेशनल आर्काइव्स ऑफ इंडिया' (भारत का राष्ट्रीय अभिलेखागार) की एक अनूठी डिजिटल पहल 'अभिलेख पटल पोर्टल' पर प्रकाश डाला था। इस ऐतिहासिक डेटाबेस के जरिए देश की जनता सिर्फ एक क्लिक पर लगभग 10 करोड़ फाइलों और भारत के इतिहास से जुड़े 20 करोड़ से भी ज्यादा अनमोल दस्तावेजों तक आसानी से पहुंच सकती है। पीएम ने कहा कि तकनीक के इस दौर में लोग अपने अतीत और ऐतिहासिक धरोहरों से बेहद सुगमता के साथ जुड़ रहे हैं।