उत्तराखंड में बड़ा न्यायिक फेरबदलः नैनीताल के नए CJM रवि शंकर मिश्रा! अंजली नौलियाल खटीमा तैनात, 40 से ज्यादा जजों के तबादले
नैनीताल। नैनीताल से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है, जहां उत्तराखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल करते हुए राज्यभर में 40 से अधिक न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। 15 अप्रैल 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार ये सभी आदेश 20 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे, जिससे निचली अदालतों से लेकर जिला न्यायालयों तक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
इस बड़े फेरबदल में सिविल जज (जूनियर डिवीजन), न्यायिक मजिस्ट्रेट, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) से लेकर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, टिहरी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चमोली समेत कई जिलों में न्यायिक ढांचे को पुनर्गठित किया गया है।
जारी आदेशों के तहत लक्षसर की न्यायिक मजिस्ट्रेट चंद्रेश्वरी सिंह को नैनीताल में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बनाया गया है, जबकि द्वाराहाट के सिविल जज राजेंद्र कुमार को काशीपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। वहीं नैनीताल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश को देहरादून भेजा गया है और विकासनगर के सिविल जज रवि शंकर मिश्रा अब नैनीताल के नए सीजेएम होंगे। देहरादून की सीजेएम रिंकी साहनी को टिहरी गढ़वाल स्थानांतरित किया गया है।
वरिष्ठ स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। हरिद्वार के 4th अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजू कुमार श्रीवास्तव को उधम सिंह नगर में 1st अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर भेजा गया है। देहरादून की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (POCSO) में तैनात रजनी शुक्ला को कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इस फेरबदल में अंजली नौलियाल का नाम खास तौर पर चर्चा में है। रानीखेत (अल्मोड़ा) में तैनात अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजली नौलियाल को अब खटीमा (उधम सिंह नगर) में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर स्थानांतरित किया गया है, जहां वे मंजू सिंह मुंडे के स्थान पर कार्यभार संभालेंगी।
देहरादून में भी न्यायिक ढांचे में बदलाव हुआ है, जहां विवेक श्रीवास्तव को 2nd से 3rd अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है, जबकि मदन राम को 3rd से 4th अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर तैनात किया गया है। वहीं हल्द्वानी में सविता चमोली को एफटीसी/POCSO कोर्ट में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा वाणिज्य कर न्यायाधिकरण के अध्यक्ष मलिक मझहर सुल्तान को उत्तरकाशी का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि नीना अग्रवाल को रुद्रप्रयाग में नई तैनाती दी गई है। कई फास्ट ट्रैक कोर्ट (POCSO) और फैमिली कोर्ट में भी नई नियुक्तियां की गई हैं, जिससे संवेदनशील मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह कदम न्यायिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, संतुलित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।












