रुद्रप्रयाग में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: चोपड़ा बाजार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

Major crackdown by the Excise Department in Rudraprayag: Large quantity of illicit Indian-Made Foreign Liquor (IMFL) seized from Chopra Bazaar; two arrested.

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान जनपद में अवैध और मिलावटी मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए प्रशासन बेहद सख्त रुख अख्तियार किए हुए है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चोपड़ा बाजार क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस छापेमारी के दौरान टीम ने दो अलग-अलग व्यक्तियों के प्रतिष्ठानों (दुकानों) से अवैध रूप से छिपाकर रखी गई मैकडॉवल व्हिस्की की कुल 14 बोतलें, 23 अध्दे और 146 पव्वे बरामद किए हैं। पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के सख्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई है। चारधाम यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान के नेतृत्व में विभाग की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने चोपड़ा बाजार क्षेत्र में एक सघन जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान जब टीम को बाजार की कुछ दुकानों पर शक हुआ, तो नियमों के तहत उनकी बारीकी से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकानों के भीतर छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की यह खेप बरामद हुई, जिसका कोई वैध रिकॉर्ड या लाइसेंस संचालकों के पास नहीं था। भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद होने के बाद आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। विभाग द्वारा दोनों ही आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आवश्यक वैधानिक और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर पूरी तरह से प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभाग लगातार प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने अवैध शराब माफियाओं को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ किया कि पवित्र चारधाम यात्रा की मर्यादा और सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक और सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे, तथा अवैध शराब के धंधे में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।