उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः गहरी खाई में गिरा सवारियों से भरा वाहन! 3 साल की बच्ची समेत 7 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

 Major accident in Uttarakhand: A vehicle carrying passengers plunges into a deep ravine! Seven people, including a 3-year-old girl, are injured, two are in critical condition.

चमोली। उत्तराखण्ड में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां चमोली जिले के दूरस्थ विकासखंड थराली के कुराड़-मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार सात लोग चोटिल हो गए। जिसमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 17 दिसंबर देर रात एक वाहन संख्या यूके 11 टीए 2334 जो कि थराली मुख्य बाजार से सवारियों को लेकर लेटाल की तरफ जा रहा था। कुराड़-मोटर मार्ग पर रात के अंधेरे में अचानक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद सवारियों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान घायलों को 108 की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थराली ले जाया गया। हादसे में 65 वर्षीय गंगा राम, 62 वर्षीय वास्पा राम, 50 वर्षीय दिनेश, 24 वर्षीय विजय, 22 वर्षीय दीपा, 22 वर्षीय प्रेम कुमार और 3 वर्षीय बबली पुत्री दीपा घायल हो गए। जिसमें से विजयपाल और दिनेश राम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।