जेपीएससी मुख्य परीक्षा का बजा बिगुल: 25 जुलाई से शुरू होगा महामुकाबला, 21 से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और महत्वपूर्ण खबर है। आयोग ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह बहुप्रतीक्षित मुख्य परीक्षा 25 जुलाई 2026 से शुरू होकर 27 जुलाई 2026 तक चलेगी। परीक्षा का आयोजन राजधानी रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पूरी सख्ती और चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच किया जाएगा।
इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) और उपस्थिति पत्रक डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक द्वारा एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा।जेपीएससी मुख्य परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल इस प्रकार है। प्रथम पाली में प्रथम पत्र और द्वितीय पाली में द्वितीय पत्र की परीक्षा होगी। प्रथम पाली में तृतीय पत्र और द्वितीय पाली में चतुर्थ पत्र की परीक्षा होगी। प्रथम पाली में पांचवें पत्र और द्वितीय पाली में छठे पत्र की परीक्षा होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सभी पत्रों की परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है, अन्यथा वे रेस से बाहर हो जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपनी पंजीयन संख्या और जन्म तिथि दर्ज कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में यदि कोई तकनीकी कठिनाई आती है, तो अभ्यर्थी आयोग के हेल्पलाइन नंबर 8929883832 पर किसी भी कार्यदिवस में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, यदि एडमिट कार्ड में नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि या फोटो से जुड़ी कोई त्रुटि है, तो अभ्यर्थी 24 जुलाई 2026 तक कार्यदिवस में आयोग को लिखित आवेदन देकर सुधार करा सकते हैं। आवेदन में नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि और रजिस्ट्रेशन नंबर लिखना जरूरी होगा। आयोग ने परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर फर्जीवाड़े को रोकने के लिए इस बार बायोमैट्रिक और आईआरआईएस (आंखों की पुतली का मिलान) सत्यापन की आधुनिक व्यवस्था की गई है। इसी कारण अभ्यर्थियों को रिपोर्टिंग टाइम से काफी पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने के महज 15 मिनट बाद आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी कीमत पर केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। एडमिट कार्ड के साथ अभ्यर्थी को अपने चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटोग्राफ और एक वैध पहचान पत्र (जैसे वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, किताब, बैग, खाद्य सामग्री (खाने-पीने का सामान) और अस्त्र-शस्त्रादि ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।