Oct 21, 2026 Login
Awaaz24x7-government

जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO ने खुलते ही मचाई धूम! महज 30 मिनट में QIB का हिस्सा 2 गुना सब्सक्राइब, भारत का सबसे बड़ा IPO बनने की तैयारी

Jio Platforms' IPO makes a splash the moment it opens! The QIB portion is subscribed 2x in just 30 minutes; it is poised to become India's largest IPO.

नई दिल्ली। मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) ने शेयर बाजार में खुलते ही निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बुधवार को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला यह आईपीओ संस्थागत निवेशकों की मजबूत मांग के चलते शुरुआती मिनटों में ही चर्चा में आ गया। सूत्रों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 2.86 गुना सब्सक्राइब हो गया था। वहीं, उस समय तक पूरे इश्यू को 0.83 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। सफल होने पर यह मूल्य के लिहाज से भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है। जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी शुरुआत से ही देखने को मिली। सूत्रों के मुताबिक, बोली शुरू होने के महज 10 मिनट के भीतर QIB श्रेणी में उपलब्ध शेयरों के बराबर बोलियां आ गईं, जबकि 30 मिनट से भी कम समय में यह हिस्सा दो गुना से अधिक सब्सक्राइब हो गया। इस श्रेणी के लिए कुल 4,90,07,827 शेयर आरक्षित हैं।

आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला है और 23 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी ने प्रति शेयर 1,065 रुपये से 1,119 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। इस इश्यू के जरिए कंपनी नए शेयर जारी कर पूंजी जुटाएगी। इसमें ऑफर-फॉर-सेल (OFS) का हिस्सा नहीं है। ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर जियो प्लेटफॉर्म्स का मूल्यांकन करीब 10.3 लाख करोड़ रुपये बैठता है। यह आईपीओ वर्ष 2024 में आए हुंडई मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के इश्यू को पीछे छोड़ सकता है। जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने कंपनी को केवल दूरसंचार सेवा प्रदाता के बजाय तकनीक आधारित कंपनी के रूप में पेश किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी अब कनेक्टिविटी के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर ध्यान दे रही है। कंपनी के अनुसार, उसका नेटवर्क इन-हाउस विकसित 5G कोर और क्लाउड-नेटिव रेडियो एक्सेस नेटवर्क जैसी तकनीकों पर आधारित है। जियो प्लेटफॉर्म्स करीब 53.33 करोड़ ग्राहकों को सेवाएं दे रही है। अनौपचारिक ग्रे मार्केट में जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर करीब 275 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार करते बताए गए। ऊपरी इश्यू मूल्य 1,119 रुपये के आधार पर इससे संभावित लिस्टिंग कीमत करीब 1,394 रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, ग्रे मार्केट प्रीमियम अनौपचारिक संकेतक है और वास्तविक लिस्टिंग कीमत अलग हो सकती है।