जय बाबा केदार: भक्ति और भव्यता के साथ खुले केदारनाथ के कपाट, 51 कुंतल फूलों से महकी केदारपुरी,सीएम धामी ने की प्रथम पूजा

Jai Baba Kedar: The portals of Kedarnath have opened amidst devotion and grandeur; Kedarpuri is fragrant with 51 quintals of flowers, and CM Dhami performed the first worship.

विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह ठीक आठ बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के साथ ही 'जय बाबा केदार' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से पूरी केदारपुरी शिवमय हो गई। हजारों की संख्या में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु इस अलौकिक और पावन क्षण के साक्षी बने।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट खुलने के विशेष अवसर पर धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और मुख्य पुजारी के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। सीएम धामी ने बाबा केदार से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और सफल चारधाम यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और उनसे यात्रा के दौरान 'पंच संकल्प' अपनाने का आह्वान किया। पीएम ने भक्तों से स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण का संरक्षण करने, सेवा और सहयोग की भावना रखने, स्थानीय उत्पादों (वोकल फॉर लोकल) को बढ़ावा देने और यात्रा के नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। बाबा केदार के भव्य मंदिर को करीब 51 कुंतल फूलों से सजाया गया था, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। इससे पूर्व, मंगलवार शाम बाबा की पंचमुखी डोली ऊखीमठ से 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय कर धाम पहुंची थी। डोली के आगमन पर पुष्प वर्षा की गई और 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों व डमरू की गूंज ने वातावरण में अद्भुत ऊर्जा भर दी। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और पैदल मार्ग पर पुलिस व आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया है। भारी बर्फबारी और ठंड के बावजूद भक्तों का उत्साह चरम पर है और पूरी घाटी भक्ति के रंग में डूबी नजर आ रही है।