दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 का भव्य उद्घाटन! 1GB डेटा एक कप चाय से भी सस्ता,पीएम मोदी ने गिनाईं डिजिटल इंडिया की उपलब्धियां

दिल्ली के यशोभूमि में आज से इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2025) का शानदार आगाज हो गया। यह एशिया का सबसे बड़ा टेक और टेलीकॉम इवेंट है, जिसकी थीम इस बार “Innovate to Transform” यानी इनोवेशन के जरिए बदलते भारत की कहानी रखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भव्य इवेंट का उद्घाटन किया और डिजिटल इंडिया की उपलब्धियों और भविष्य की तकनीकी योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस साल IMC 2025 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 7,000 प्रतिनिधि, 150 से अधिक देशों के लोग, 1.5 लाख विज़िटर्स और 400 प्रमुख कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इस मंच से दुनिया को तकनीकी भविष्य का अनुभव मिलेगा, जिसमें 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट मोबिलिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग और ग्रीन एनर्जी जैसे 1,600 से अधिक यूज़-केसेज़ पेश किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने उद्घाटन के दौरान कहा कि भारत ने अपनी इंडिजिनस 4G और 5G स्टैक तैयार कर ली है, जिससे कनेक्टिविटी अब तेज और भरोसेमंद होगी। उन्होंने बताया कि भारत अब उन चुनिंदा पांच देशों में शामिल है जिनके पास खुद की 4G टेक्नोलॉजी डेवलप करने की क्षमता है। उन्होंने डेटा की कीमत का उदाहरण देते हुए कहा कि आज 1GB वायरलेस डेटा एक कप चाय से भी कम है, जो डिजिटल सेवाओं को आम आदमी की पहुंच में लाता है। प्रधानमंत्री ने साइबर फ्रॉड से बचाव और ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम में सुधार पर भी जोर दिया।
इस इवेंट की खास बात यह है कि भारत अब टेक्नोलॉजी में केवल यूज़र नहीं बल्कि ग्लोबल लीडर के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि इस साल Startup World Cup 2025, इंडिया एडिशन भी आयोजित हो रहा है, जिसमें 550 स्टार्टअप्स भाग लेंगे और 300 से अधिक वेंचर कैपिटलिस्ट और निवेशक उनके सामने होंगे। इसमें 15 कंपनियों को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इंटरनेशनल वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने भेजा जाएगा। सिंधिया ने भारत की सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी पर भी गौर करते हुए इसे आज के चरखा की तरह बताया। उन्होंने कहा कि भारत अब DSS रिवॉल्यूशन – Designing in India, Solving for India, Scaling from India – की राह पर अग्रसर है। PLI स्कीम के तहत भारत में सेमीकंडक्टर प्रोडक्शन ₹91,000 करोड़ तक पहुंच चुका है। भारत की Bharat 6G Alliance का लक्ष्य है कि देश विश्व के 10% 6G पेटेंट्स में योगदान करे। IMC 2025 में यह भी बताया गया कि भारत में 1.2 अरब मोबाइल यूज़र्स और 944 मिलियन इंटरनेट सब्सक्राइबर्स हैं। 5G अब 99.9% जिलों में उपलब्ध है और डेटा की कीमत केवल ₹9.11/GB है। भारत का मुख्य फोकस अब 6G टेक्नोलॉजी पर है, जिससे देश वैश्विक स्तर पर डिजिटल नवाचार में अग्रणी बने। IMC 2025 न केवल भारत की तकनीकी उपलब्धियों को प्रदर्शित करता है, बल्कि ग्लोबल स्तर पर भारत की इनोवेशन और नेतृत्व क्षमता को भी सामने लाता है। यह इवेंट देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप इकोसिस्टम और भविष्य की तकनीकी दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।