एक मिनट में प्रिंसिपल ने कई बार बोला ‘You shut up’, निकलो यहां से! बाहर से किताबें खरीदने के मामले में अभिभावको पर निकाला गुस्सा,बच्चों के नाम काटने की दी धमकी,वीडियो हुई वायरल
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक निजी स्कूल से जुड़ा मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और व्यवहार की सीमाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी तिराहे के पास स्थित न्यू सन बीम पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल पर एक अभिभावक के साथ अभद्र व्यवहार करने और धमकाने का आरोप लगा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मामले के अनुसार, पीड़ित अभिभावक नीलम वर्मा, जिनकी बच्ची यूकेजी कक्षा में पढ़ती है, ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रशासन द्वारा कॉपी-किताबें बाहर से खरीदने पर उन्हें अपमानित किया गया। वायरल वीडियो में प्रिंसिपल को कथित तौर पर अभिभावक से तीखी भाषा में बात करते हुए और बार-बार ‘You shut up’ कहते हुए सुना जा सकता है। आरोप है कि बातचीत के दौरान अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया और यहां तक कि बच्चे का नाम स्कूल से काटने की धमकी दी गई।
नीलम वर्मा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा से सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत कर मामले में सख्त कार्रवाई की अपील की है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में भी रोष देखा जा रहा है और स्कूल प्रबंधन के रवैये की व्यापक आलोचना हो रही है।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस घटना को शिक्षा संस्थानों में बढ़ती मनमानी का उदाहरण बताया है और जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अभिभावकों के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि शिक्षा के मूल्यों के भी खिलाफ है।
वहीं, इस पूरे विवाद पर स्कूल की प्रिंसिपल ममता मिश्रा की सफाई भी सामने आई है। उनका कहना है कि अभिभावक फीस को लेकर दबाव बना रहे थे और लंबे समय तक स्कूल में विवाद की स्थिति बनी रही, जिससे वह नाराज हो गईं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका किसी को आहत करने का इरादा नहीं था। प्रिंसिपल के अनुसार, बाद में अभिभावक द्वारा उनसे माफी भी मांगी गई थी।
फिलहाल, यह मामला प्रशासन के संज्ञान में है और अब सभी की नजर इस पर है कि आरोपों की जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है।