दिल दहलाने वाला हादसा: नाव पर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत,15 झुलसे

Horrifying incident: Four killed, 15 scorched after lightning strikes boat.

मालदा। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ गंगा नदी में सफर कर रही एक यात्री नाव पर अचानक आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम 15 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह भयावह हादसा मंगलवार दोपहर मालदा के वैष्णबनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत परलालपुर (शिबपुर) फेरी घाट पर उस समय हुआ, जब यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुँचने ही वाले थे। तब अचानक हुई इस त्रासदी से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना मुर्शिदाबाद के धूलियन गंगा घाट से मालदा के परलालपुर घाट आ रही एक यात्री नाव के साथ हुई। नाव में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाव ने सफलतापूर्वक गंगा नदी को पार कर लिया था और परलालपुर घाट के बेहद करीब पहुँच चुकी थी। कुछ ही यात्री नाव से उतर पाए थे कि अचानक मौसम ने करवट बदली। देखते ही देखते आसमान में डरावने काले बादल छा गए और कड़कड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते या छिपने की जगह ढूंढ पाते, आसमान से सीधे नाव पर काल बनकर बिजली गिरी। कड़कड़ाहट की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा घाट दहल उठा। बिजली गिरते ही नाव पर सवार यात्री ताश के पत्तों की तरह जमीन पर गिर पड़े। पल भर पहले तक जो लोग अपने घर लौटने की खुशी में बतिया रहे थे, वहाँ अब सिर्फ लाशें और अपनों को बचाने की चीखें थीं। इस हादसे के बाद फेरी घाट पर तुरंत अफरा-तफरी मच गई। रिश्तेदारों के रोने-बिलखने, लोगों की भाग-दौड़ और मदद के लिए पुकारने की आवाज़ों से माहौल बेहद गमगीन हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए प्रशासन के साथ मिलकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आनन-फानन में सभी हताहतों को नदी से निकालकर अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों ने चार लोगों को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 15 लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कुछ घायलों को मालदा के मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जबकि अधिकांश को शमशेरगंज के अनूपनगर ब्लॉक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से जिनकी हालत ज्यादा बिगड़ी, उन्हें जंगीपुर सब-डिविजनल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस आसमानी आपदा में जान गंवाने वाले चारों अभागे लोगों की शिनाख्त कर ली गई है। मृतकों के नाम असदुल्ला शेख,अंसार शेख, एकरामुल शेख,कोची शेख हैं। ये सभी मृतक मालदा के वैष्णवनगर पुलिस स्टेशन इलाके के परलालपुर के ही रहने वाले थे। जो लोग कुछ ही पल पहले अपने परिवारों के पास लौटने का सपना लेकर नाव पर सवार हुए थे, वे कभी अपने घर जिंदा वापस नहीं लौट पाए। इस अचानक आई त्रासदी से धूलियन-परलालपुर इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। अपनों को खोने के गम और घायलों की ज़िंदगी-मौत की जंग ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आपदा प्रबंधन विभाग राहत राशि व आगे की कार्रवाई में जुट गया है।