उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास पुल पर काल बनकर दौड़ी स्कॉर्पियो, स्कूटी सवार 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर के खतरनाक घुमाव पर शनिवार की रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब लालकुआं की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी सवार चार दोस्तों के चिथड़े उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में चारों युवकों की मौत हो गई है। घटना के बाद से ही मृतकों के परिवारों में हाहाकार मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा शनिवार रात करीब 10:00 बजे एनएच-109 (NH 109) स्थित तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर हुआ। लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (संख्या: UK04U-7275) रफ्तार के नशे में चूर थी। जैसे ही गाड़ी तीनपानी पुल के तीव्र घुमाव पर पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी को स्कॉर्पियो ने ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि देखने वालों की रूह कांप गई। टक्कर लगते ही स्कूटी पर सवार चारों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। स्कॉर्पियो की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो युवकों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जबकि चारों तरफ खून का सैलाब पसर गया। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि लगा जैसे कोई बम फटा हो। हम लोग दौड़े तो देखा कि फ्लाईओवर पर चारों युवक लहूलुहान पड़े थे और स्कूटी के परखच्चे उड़ चुके थे। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल दो युवकों को तुरंत हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अफसोस, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने एक और युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे युवक आदि टम्टा ने आईसीयू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह इस भीषण हादसे ने चार हंसते-खेलते परिवारों के चिरागों को हमेशा के लिए बुझा दिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है, जिसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित किया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ अमित कुमार ने बताया कि हादसा तीनपानी के पास एनएच 109 के फ्लाईओवर पर हुआ है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना स्कॉर्पियो की ओवरस्पीडिंग की वजह से हुई या घुमाव पर किसी तकनीकी खराबी के कारण। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनपानी बाईपास पुल का यह घुमाव बेहद खतरनाक है और रात के समय यहां अक्सर तेज रफ्तार गाड़ियां दुर्घटना का शिकार होती हैं। पुलिस अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।