रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: फाटा-बड़ासू मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा डंपर,दो की दर्दनाक मौत
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद रुद्रप्रयाग के फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां तरसाली के समीप एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में डंपर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की गूंज सुनते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ,एनडीआरएफ,स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम ने रात के अंधेरे में ही बेहद दुर्गम परिस्थितियों के बीच युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार रात करीब 8:43 बजे हुआ। डंपर (वाहन संख्या UK13CA0826) फाटा-बड़ासू मार्ग से गुजर रहा था, तभी तरसाली के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। ढलान और संकरा रास्ता होने के कारण डंपर सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
जैसे ही आपदा कंट्रोल रूम को इसकी सूचना मिली, बिना वक्त गंवाए राहत एवं बचाव एजेंसियों को मौके के लिए रवाना किया गया। रात का समय होने और खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू टीमों को मलबे तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टॉर्च और सर्च लाइटों के सहारे जवान खाई में उतरे। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दल जब दुर्घटनाग्रस्त डंपर के पास पहुंचा, तो उसमें दो लोग दबे हुए थे। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। राहत कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद 45 वर्षीय संजय राणा के शव को मलबे से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। डंपर में सवार दूसरे व्यक्ति की पहचान मोहन के रूप में हुई है, जिसका शव देर रात चिन्हित कर लिया गया था। सुरक्षा बलों ने दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इस दुखद घटना की खबर जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली, उनके घरों में कोहराम मच गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही सभी आपातकालीन टीमों को तत्काल मौके पर सक्रिय कर दिया गया था। सभी एजेंसियों ने बेहद समन्वय के साथ काम किया और शवों को निकाला। फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसा वाहन की तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक की लापरवाही से, इसके वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस बारीकी से विस्तृत जांच कर रही है। पहाड़ी मार्गों पर रात के समय भारी वाहनों के संचालन को लेकर एक बार फिर सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।