बिहार पहुंचे गृहमंत्री शाह! सीतामढ़ी में जानकी मंदिर के लिए हुआ भूमिपूजन, बोले- ये बिहार के भाग्योदय की शुरुआत

पटना। गृहमंत्री अमित शाह आज बिहार के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सीतामढ़ी में जानकी मंदिर के लिए भूमि पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। बता दें कि सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में मां सीता का मंदिर बनाया जा रहा है। इस स्थान को पौराणिक मान्यताओं में मां सीता का जन्मस्थान माना गया है। पुनौरा धाम में 67 एकड़ में माता सीता के भव्य मंदिर का निर्माण किया जाना है। वैसे पुनौरा धाम में पहले से भी माता सीता का एक मंदिर स्थापित है। इसे सीता जन्मस्थली के तौर पर जाना जाता है। इस मंदिर के निर्माण के लिए 11 महीने का डेडलाइन रखा गया है। इस मौके पर गृहमंत्री शाह ने कहा कि हमारे मिथिलांचल की संस्कृति केवल यहीं की संस्कृति नहीं है, बल्कि पूरे भारत का गहना है। आज का दिन एक तरह से बहुत शुभ दिन है। यहां सालों पहले रामायण काल में राजा जनक ने भूमि में सोने का हल चलाया और वहीं से मां जानकी प्रकट हुईं।
मां जानकी ने बारिश भेजकर आशीर्वाद दिया है। यह न केवल बिहार बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए शुभांकर बनने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि श्रीराम से माता सीता की पहली बार जहां मुलाकात हुई, वहां से लवकुश के जन्म स्थान और मां सीता के अंतिम निवास सभी स्थानों को पुनर्जीवित करके हमारे देश की मातृ शक्ति को समर्पित किया जाएगा। शाह ने कहा कि भारत की संस्कृति में मां सीता का स्थान अनन्य है। एक ही जीवन में आदर्श पत्नी, बेटी, मां और राजमाता सभी स्वरूपों को उन्होंने चरितार्थ किया था। मां सीता की जन्मभूमि पर बड़ा महिमामंडन होने वाला है। ये बिहार के भाग्योदय की शुरुआत है, माता सीता का मंदिर मातृत्व शक्ति को समर्पित है। केंद्रीय मंत्री शाह ने आगे बताया 890 करोड़ रुपए की लागत से यहां मान जानकी का भव्य स्मारक और मंदिर बनाने का काम किया जाएगा। यहां पर परिक्रमा प्लॉट, धार्मिक जल स्रोतों का निर्माण, चिकित्सा सुविधा और रामायण की कथाएं बनाने का बड़ा प्रयास किया जाएगा। थ्री डी अनुभव से हमारे युवा श्रीराम के साथ माता जानकी के जीवन के सभी प्रसंगों को देख पाएंगे।