रंग में भंगः उत्तराखण्ड में होली पर हुड़दंगियों ने रेस्टोरेंट को किया आग के हवाल! अलग-अलग जगहों पर 14 लोगों की मौत, 100 से अधिक लोग हुए घायल

Holi spoiled the fun: Hooligans set a restaurant on fire on Holi in Uttarakhand! 14 people died at different places, more than 100 people were injured

देहरादून। होली का त्योहार सम्पन्न हो चुका है। उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग दिन होली का पर्व मनाया गया। अधिकांश जगहों पर जहां शुक्रवार को रंग खेला गया, वहीं कुमाऊं क्षेत्र में दूसरे दिन यानी शनिवार को रंगोत्सव मनाया गया। होली के त्योहार के बीच कई जगहों से दुखद खबर सामने आई है। खबरों के मुताबिक होली के त्योहार के बीच विभिन्न जिलों में 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि सौ से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस दौरान विकासनगर के चकराता में हुड़दंगियों ने एक रेस्टोरेंट को आग के हवाले कर दिया। राजधानी देहरादून में भी कई जगहों पर मारपीट की घटनाएं सामने आईं।

जानकारी के अनुसार विकासनगर के बादामावाला में होली के दिन रेस्टोरेंट में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के दो युवकों ने रेस्टोरेंट में आग लगा दी। इससे पूरा रेस्टोरेंट जलकर राख हो गया। आग के कारण रेस्टोरेंट में रखे सिलिंडर भी फट गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इधर रायवाला में दो पक्षों में मारपीट में चार लोग घायल हुए हैं। वहीं भल्लाफार्म श्यामपुर में कुछ लोगों ने घर में घुसकर दंपती से मारपीट की। ऋषिकेश में दो और विकासनगर में एक युवक की डूबने से मौत हो गई है। वहीं मोतीचूर के पास ऑटो पलटने से युवक और दूधाधारी फ्लाईओवर में कार की टक्कर से स्कूटी सवार किशोरी की मौत हो गई। इधर कई जगहों पर मारपीट और वाहन फिसलने से  50 लोग घायल हो गए। रुड़की में गांव की राजनीति में रंजिश के चलते ग्राम प्रधान और पूर्व ग्राम प्रधान पक्ष में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से करीब छह लोग चोटिल हुए हैं। इधर हरिद्वार में सड़क हादसों में एक महिला और दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। ग्राम रानीमाजरा में होली खेलने के बाद लोग पिकअप वाहन से गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में वाहन अनियंत्रित हो कर पलट गया। इसमें एक बच्चे और महिला की मौत हो गई। उधर बहादराबाद में वाहन की टक्कर से बाइक सवार और ज्वालापुर में स्कूटी की टक्कर से बच्चे की मौत हो गई। वहीं होली खेलने के दौरान छत से गिरने से युवक की मौत हो गई।

कुमाऊं की बात करें तो यहां यूएसनगर नगर में रिश्तेदारों से होली मिलने जा रहे बाइक सवार तीन युवकों की कार से टक्कर हो गई। इस हादसे में दो की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गदरपुर में जलाशय में नहाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं गूलरभोज में नदी मे नहाने गया किशोर डूब गया।