हरियाणा सीएम नायब सैनी का कांग्रेस पर हमला: वोट चोर पार्टी, पीएम की मां पर अभद्र टिप्पणी निंदनीय

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस देश की सबसे बड़ी वोट चोर पार्टी है। कांग्रेस के डीएनए में ही वोट चोरी शामिल है। बूथ कैप्चरिंग करना, लोगों को डराना-धमकाना और अव्यवस्था फैलाना कांग्रेस की आदत रही है। कांग्रेस जब-जब चुनाव हारती है तो ईवीएम को दोष देती है। जब जनता इस पार्टी को नकार देती है तो तो नए-नए मुद्दे गढ़े जाते हैं। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में अपशब्द कहते आए हैं। यह राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का हिस्सा हो सकता है, लेकिन पीएम की माताजी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिनका जन्म भ्रष्टाचार की दलदल में हुआ है, वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे ईमानदार नेता पर अंगुली उठा रहे हैं। कांग्रेस का जन्म ही भ्रष्टाचार में हुआ है और आज भी कांग्रेस का नाम आते ही भ्रष्टाचार की बू आती है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने देश को मजबूत करने की बजाय अपने परिवार को मजबूत किया है। बिहार में लालू यादव ने अपने बेटों को आगे बढ़ाया और कांग्रेस ने वाड्रा परिवार को मजबूत किया।मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की पवित्र भूमि से वोट चोरी का झूठा एजेंडा नहीं चलने वाला। उन्होंने कहा कि यह भूमि महात्मा बुद्ध और गुरु गोबिंद सिंह की जन्मभूमि है, चाणक्य जैसी महान विभूतियों की धरती है और माता सीता की कर्मभूमि है। यहां इंडी गठबंधन का झूठा नैरेटिव कभी सफल नहीं होगा। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर बीपीएल कार्ड घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने वोटरों को लुभाने के लिए बीपीएल कार्ड की संख्या बढ़ाई और बाद में काट दी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने भी सरकार पर गैरजिम्मेदाराना जवाब देने और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया।