Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड के 23 लाख परिवारों की बल्ले-बल्ले: अप्रैल में ही मिल जाएगा 3 महीने का राशन

Great News for 2.3 Million Families in Uttarakhand: 3 Months' Worth of Rations to Be Received in April Itself.

देहरादून। उत्तराखंड के 23 लाख से ज्यादा राशन कार्डधारकों के लिए खुशखबरी है। अप्रैल 2026 में उन्हें एक साथ अप्रैल,मई और जून का तीन महीने का राशन मिल जाएगा। केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत यह व्यवस्था की गई है, जिससे गरीब परिवारों को लगातार तीन महीने तक राशन की चिंता नहीं रहेगी।

अपर खाद्य आयुक्त पीएस पांगती ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत सभी राशन कार्डधारकों को अप्रैल, मई और जून 2026 का खाद्यान्न इसी महीने वितरित किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया ई-पॉश मशीन के माध्यम से ऑनलाइन होगी। प्रत्येक महीने के राशन के लिए राशन कार्डधारकों को अलग-अलग तीन बार बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन (आधार वेरिफिकेशन) करना होगा। यह व्यवस्था उन उपभोक्ताओं के लिए भी लागू होगी जो मार्च 2026 का राशन नहीं ले पाए हैं। ऐसे कार्डधारक 15 अप्रैल 2025 तक अपना बकाया राशन प्राप्त कर सकते हैं। विभागीय मंत्री रेखा आर्या से मिलकर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन ने इस तीन महीने के एक साथ राशन वितरण पर अपनी दिक्कतें रखी हैं। राशन विक्रेताओं ने चिंता जताई है कि एक साथ तीन महीने का राशन वितरित करने से राशन की दुकानों पर भारी भीड़ लगेगी, जिससे प्रबंधन में दिक्कत हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि तीन अलग-अलग बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन की जगह एक बार ही वेरिफिकेशन किया जाए, ताकि दुकानों पर लंबी कतारें न लगें और काम सुचारू रूप से चल सके। अधिकारियों का कहना है कि ई-पॉश मशीन के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और ऑनलाइन रहेगी, जिससे भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी। तीन महीने का अग्रिम राशन मिलने से उपभोक्ताओं को बार-बार दुकान आने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनका समय और परिवहन खर्च बचेगा। खासकर दूर-दराज के इलाकों और पर्वतीय क्षेत्रों के गरीब परिवारों को इस योजना से काफी फायदा होने की उम्मीद है। यह कदम प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया है। हालांकि राशन विक्रेताओं की मांगों पर विभाग जल्द ही कोई राहत देगा या नहीं, यह देखना होगा। फिलहाल 23 लाख से ज्यादा परिवार अप्रैल में ही तीन महीने का राशन लेकर घर लौट सकेंगे।