अलविदा रतनः राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार! महाराष्ट्र में राजकीय शोक घोषित, अंतिम यात्रा में शामिल होंगे गृहमंत्री शाह

नई दिल्ली। मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गयी। इस दौरान आम से लेकर खास तक हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत तमाम हस्तियों ने शोक जताया है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रतन टाटा के दुखद निधन से भारत ने एक ऐसे आइकन को खो दिया है, जिन्होंने कॉर्पोरेट विकास को राष्ट्र निर्माण और उत्कृष्टता को नैतिकता के साथ जोड़ा। पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित, उन्होंने टाटा की महान विरासत को आगे बढ़ाया और इसे और अधिक प्रभावशाली वैश्विक उपस्थिति दी। उन्होंने अनुभवी पेशेवरों और युवा छात्रों को समान रूप से प्रेरित किया। परोपकार और दान के लिए उनका योगदान अमूल्य है। मैं उनके परिवार, टाटा समूह की पूरी टीम और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कि श्री रतन टाटा जी का सबसे अनूठा पहलू बड़े सपने देखना और दूसरों को कुछ देने के प्रति उनका जुनून था। वह शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहे थे। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखण्ड के सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी, महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा आदि ने शोक जताया है। रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। सभी सरकारी इमारतों पर लगे राष्ट्रध्वज को आधा झुका दिया जाएगा। आज होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया या है। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। भारत सरकार की तरफ से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।