गुड़ मॉर्निंग इंडिया: तमिलनाडु में दर्दनाक हादसा, करंट से 11 की मौत! उत्तराखंड में महापंचायत पर रोक, छावनी में तब्दील हुआ इलाका... लिंक में पढ़ें मौसम अलर्ट
नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर एक बार फिर प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना के मसले पर दोपहर 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे। उधर आज IPL के 40वें मैच में गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच शाम 7:30 बजे से मैच होगा।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। तमिलनाडु के तंजावुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मंदिर में उत्सव के दौरान करंट लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि यह हादसा मंदिर से निकलने वाली रथयात्रा के दौरान हुआ। घटना में कई लोगों के घायल होने की बात भी सामने आई है।
इधर यूक्रेन से जंग के 62वें दिन रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने तीसरे विश्वयुद्ध की धमकी दे दी। सरकारी मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ये जंग रूस और नाटो के बीच है। ऐसा हो सकता है कि यह परमाणु युद्ध में बदल जाए। यूक्रेन को हथियार देकर पश्चिमी देशों ने इस खतरे को बढ़ा दिया है। इस बीच जर्मनी ने अपनी पॉलिसी बदलते हुए यूक्रेन को एंटी एयरक्राफ्ट टैंक देने का फैसला लिया है।
उधर कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच PM मोदी आज मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे। केस बढ़ने की रफ्तार चौथी लहर का इशारा कर रही है। कर्नाटक के हेल्थ मिनिस्टर ने IIT की स्टडी का हवाला देकर कहा है कि चौथी लहर जून में आ सकती है। इस बीच DCGI ने 6 से 12 साल तक के बच्चों के लिए कोवैक्सिन और 12 साल से ऊपर वालों के लिए Zycov-D के इमरजेंसी यूज को मंजूरी दी है।
उधर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो साल पहले हुए दंगे की तरह ही जहांगीरपुरी में भी हिंसा की साजिश रची गई थी। क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों की मानें तो इसके लिए न सिर्फ पीएफआइ ने फंडिंग की है, बल्कि कई दिन पहले से इसकी साजिश रचना भी शुरू कर दिया था।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। रुड़की के पास डाडा जलालपुर में आज प्रस्तावित हिंदू महापंचायत पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। जिसके बाद यहां टकराव के हालत बन गए हैं। इसे देखते हुए यहां भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं आयोजकों का कहना है कि महापंचायत हर हाल में होगी, चाहे थाने में ही करनी पड़े।
इधर उत्तराखंड में मौसम के तेवर फिर तल्ख हो गए हैं। शुष्क मौसम के बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार से 30 अप्रैल तक प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ज्यादातर स्थानों पर तापमान में अत्यधिक वृद्धि हो सकती है और मैदानों में लू चलेगी।