नई टिहरी। देवभूमि उत्तराखंड की प्रसिद्ध और ऐतिहासिक धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान बन चुका मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला इस वर्ष अपने शानदार 50 वर्ष पूरे कर रहा है। नवरात्र के पावन अवसर पर नरेंद्रनगर में आयोजित इस नौ दिवसीय ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती मेले का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक ध्वजारोहण कर और विकास प्रदर्शनियों का अवलोकन करके किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाओं के साथ अपनी सरकार की उपलब्धियां भी जनता के समक्ष रखीं।
उत्तराखंड की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और विकास की पहचान बन चुके मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले ने रविवार को अपनी स्वर्ण जयंती में प्रवेश किया। नरेंद्रनगर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर विधिवत शुभारंभ किया। नौ दिवसीय राज्यस्तरीय आयोजन के उद्घाटन के साथ मुख्यमंत्री ने आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने टिहरी जिले में संचालित विकास योजनाओं और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि टिहरी जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय और सभागार निर्माण जैसी योजनाएं भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने गजा अस्पताल के उच्चीकरण और करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन से जुड़ी योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पर्यटन गतिविधियों का विस्तार हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1974 में शुरू हुआ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला आज धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और क्षेत्रीय विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने मेले के संस्थापक और तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान की सराहना की। साथ ही आयोजन समिति, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कलाकारों को स्वर्ण जयंती की बधाई दी। मेले के शुभारंभ पर निकाली गई झांकियों में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी। छोलिया नृत्य, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार, माखन होली, मां कुंजापुरी और बदलता नरेंद्रनगर विषय पर आधारित झांकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। सांस्कृतिक दलों के साथ प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जनजागरूकता रैली के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और विकास के संदेश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन रोकना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने होमस्टे, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन और एप्पल मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके जरिए स्थानीय उत्पादों, कृषि और पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सशक्त भू-कानून को राज्य सरकार के प्रमुख फैसलों में गिनाया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प को भी दोहराया। मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का आयोजन 11 से 19 अक्टूबर तक किया जा रहा है। नौ दिवसीय मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं, विद्यालय स्तरीय आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह नेगी, किशन महिपाल, मीना राणा, संगीता ढौंडियाल और पांडवाज बैंड सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। मेले का समापन पद्मश्री प्रीतम भरत्वाण के जागर गायन के साथ होगा।






