Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India:चाकू मारकर छात्र की हत्या,तो उत्तराखंड की युवा और महिला नीति का ड्राफ्ट तैयार,किच्छा के पूर्व विधायक पर फिर लगे गंभीर आरोप,कुछ और न्यूज हैडलाइन्स,बड़ी खबरों व जानकारियों के लिए अभी लिंक क्लिक करें...

Good Morning India: Student murdered by stabbing, draft of Uttarakhand's youth and women policy ready, serious allegations again on former Kichha MLA, some more news headlines, click the link now for

GoodMorning,नमस्कार,शुभ-प्रभात दोस्तो!साथ ही आप सभी को नववर्ष की बहुत-बहुत बधाई और अनेकों शुभकामनाएं। नए साल की एक और नई सुबह के साथ आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आपके साथ मैं हूँ तपस विश्वास। आईए नजर डालते हैं कुछ प्रमुख हैड्लाइन्स और खबरों पर...

उत्तराखंड निकाय चुनाव: भाजपा ने मोर्चे पर लगाए सांसद-मंत्री व दायित्वधारी, सौंपी समन्वयक की जिम्मेदारी

उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव में जीत का परचम फहराने के लिए भाजपा संगठन व सरकार, दोनों ही जुट गए हैं। इस कड़ी में प्रदेश भाजपा ने नगर निकाय चुनाव के लिए अपने सभी सांसदों, धामी सरकार के सभी मंत्रियों के अलावा 10 दायित्वधारियों, तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत 31 नेताओं को मोर्चे पर लगाया है। इन सभी को समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा निकाय चुनाव को कितनी गंभीरता से ले रही है, निकायों में समन्वयकों की नियुक्ति इसका उदाहरण है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर चुनाव के लिए निकायवार समन्वयक नियुक्त किए गए हैं।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

स्कूल की लड़ाई सड़क पर आई, चाकू मारकर छात्र की हत्या,चार नाबालिगों ने दिया वारदात को अंजाम

पूर्वी दिल्ली। शकरपुर थाना क्षेत्र के राजकीय सर्वोदय विद्यालय में शुक्रवार को दो छात्रों के बीच हुए झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। एक छात्र ने झगड़े का बदला लेने के लिए अपने दोस्तों को बुलाकर स्कूल की छुट्टी के बाद चाकू से वार करके नौंवी कक्षा के छात्र की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए। मृतक की पहचान ईशु गुप्ता (14) के रूप में हुई है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

मणिपुर के कांगपोकपी में भीड़ ने एसपी ऑफिस पर किया हमला, पुलिस के वाहन क्षतिग्रस्त, कई पुलिसकर्मी भी घायल

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार शाम को भीड़ ने एसपी आफिस पर हमला कर दिया। हमले में पुलिस अधीक्षक मनोज प्रभाकर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुकी लोगों की मांग इंफाल पूर्वी जिले की सीमा पर मौजूद गांव सैबोल से सुरक्षाबल को हटाने की है। समुदाय का आरोप है कि एसपी ने केंद्रीय बलों को गांव से बाहर नहीं निकाला है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

इथियोपिया में भूकंप के झटकों से कांपी धरती, रिएक्टर स्केल पर 5.5 रही तीव्रता

इथियोपिया में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिएक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 रही। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इस बारे में जानकारी दी। ईएमएससी ने बताया कि भूकंप का केंद्र अदीस अबाबा में पृथ्वी की सतह से 10 किमी (6.21 मील) की गहराई पर था। इससे एक दिन पहले, चिली में कैलामा के पास एंटोफगास्टा क्षेत्र में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

सिडनी टेस्ट मैच में सिराज ने बरपाया कहर! ऑस्ट्रेलिया चार विकेट पर 70 रन के पार,कोंस्टास-हेड आउट

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला सिडनी में जारी है। शनिवार को इस टेस्ट का दूसरा दिन है। भारत ने अपनी पहली पारी में 185 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी जारी है। ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर 66 रन बना लिए हैं। कंगारू अभी भी भारत से 119 रन पीछे है। दूसरे दिन भारत ने तीन विकेट ले लिए हैं। लाबुशेन को बुमराह ने आउट किया, जबकि सिराज ने एक ही ओवर में कोंस्टास और हेड को आउट किया।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

ड्यूटी के दौरान मौत पर सरकार को देना होगा मुआवजा, कोरोना काल में डॉक्टर की मौत मामले में हाईकोर्ट का आदेश

दिल्ली हाईकोर्ट ने कोरोना महामारी के दौरान मरीजों का इलाज करते हुए हुई डॉक्टर की मौत के मामले में दिल्ली सरकार को मुआवजा देने का निर्देश दिया है। मोहल्ला क्लीनिक में कार्यरत डॉक्टर कोरोना पीड़ितों का उपचार करते हुए कोरोना महामारी का शिकार हो गए थे। अदालत ने डॉक्टर के परिजनों को डेढ़ करोड़ रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। मामले में मुआवजा भुगतान को लेकर प्रगति रिपोर्ट के लिए अगली तारीख 31 जनवरी की तय की है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

रैपिड रेल नमो भारत की रफ्तार! 40 मिनट में मेरठ से आनंद बिहार,पीएम मोदी कल दिखाएंगे हरी झंडी,तैयारियां जोरों पर

रैपिड रेल नमो भारत का दायरा बढ़ने जा रहा है। रविवार को ट्रेन दिल्ली पहुंच जाएगी। इसके बाद मेरठ साउठ से दिल्ली के आनंद विहार तक का सफर महज 40 मिनट में पूरा हो सकेगा। 160 से 165 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन के नए सफर को पीएम हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही न्यू अशोक नगर स्टेशन का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद ट्रेन 55 किमी. का सफर तय करने लगेगी। इसमें 11 स्टेशन हैं। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

घने कोहरे के आगोश में दिल्ली-एनसीआर, दृश्यता शून्य होने से वाहनों पर लगे ब्रेक,और बढ़ी ठिठुरन

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की रात ठिठुरन के बीच घना कोहरा भी छाया हुआ है। इससे कई इलाकों में विजिबिलिटी जीरो हो गई है। सड़कों पर थोड़ी सी दूर का कुछ नहीं दिख रहा है। दिल्ली के पालम सहित कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, दृश्यता शून्य रह गई है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

महाकुंभ में जगेगी सनातन की अलख, सनातनियों की वापसी कराएगी अखाड़ा परिषद

महाकुंभ में सनातन की अलख जगाने के लिए अखाड़ा परिषद की ओर से धर्म वापसी कराई जाएगी। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष के अनुसार, इसके लिए विभिन्न प्रांतों के लोगों ने उनसे इच्छा जताई है, जिसके बाद इसके लिए तैयारी की जा रही है। पहले स्नान पर्व के साथ ही धर्म वापसी के लिए अभियान शुरू किया जाएगा।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

संभल जामा मस्जिद कमेटी आज हाईकोर्ट में दायर करेगी याचिका, एडवोकेट ने दी जानकारी

जामा मस्जिद कमेटी शनिवार को हाईकोर्ट में अपनी याचिका दायर करेगी। यह बात जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट ने बताई है। उन्होंने बताया है कि वह जामा मस्जिद कमेटी की ओर से दायर होने वाली याचिका को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। जिससे हम अपना पक्ष मजबूती से रख सकें।

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

उत्तराखंड की युवा और महिला नीति का ड्राफ्ट हुआ तैयार! जनसुझावों के लिए वेबसाइट पर होगा अपलोड

उत्तराखंड सरकार नए साल में राज्य की युवा और महिला नीति भी लागू करेगी। इन दोनों नीतियों के ड्राफ्ट तैयार हो चुके हैं। नियोजन विभाग को इन नीतियों के मसौदों के प्रस्ताव अध्ययन के सौंपे गए थे। विभाग ने यह कार्य पूरा कर लिया है। सचिव नियोजन आर मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक, दोनों नीतियों पर जन सुझाव भी लिए जाएंगे। प्रदेश की युवा और महिला नीति भाजपा का चुनावी वादा है। धामी सरकार पार्टी के इस वादे को नए साल में पूरा कर देगी। माना जा रहा कि इस माह तक दोनों नीतियों को लेकर जन सुझाव भी प्राप्त कर लिए जाएंगे।

आवाज 24x7..................आवाज 24x7

मलेथा पहुंचे सीएम धामी, किया पांच दिवसीय वीर शिरोमणि माधव सिंह भंडारी कृषि विकास मेले का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी में कीर्तिनगर ब्लॉक के मलेथा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पांच दिवसीय वीर शिरोमणि माधव सिंह भंडारी राजकीय औद्योगिक कृषि विकास मेले का उद्घाटन किया। 

आवाज 24x7....................आवाज 24x7

तेंदुए से भिड़ बुजुर्ग दंपती ने बचाई अपनी जान, घर में फंसी पोती को भी मौत के मुंह से खींचा

टनकपुर। तेंदुए से करीब एक घंटे तक संघर्ष कर बुजुर्ग दंपती ने अपनी और अपने परिवार की जान बचा ली। घायल बुजुर्ग लाल सिंह बोहरा अपनी पत्नी चंद्रा देवी दूरस्थ धूरा के चौड़ाकोट से उप जिला अस्पताल पहुंचे और अपना इलाज कराया। दंपती ने बताया कि पहली बार उनका तेंदुए से इस तरह सामना हुआ। करीब एक घंटा दहशत के बीच बिताया। संघर्ष में बुजुर्ग लाल सिंह की बांयींं आंख में चोट आई है।

आवाज 24x7....................आवाज 24x7

बर्फबारी के बाद केदारनाथ धाम ने ओढ़ी बर्फ की चादर, डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण 

रुद्रप्रयाग जिले में भारी बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ धाम ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। इसी बीच पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे और जिलाधिकारी सौरभ गहरवार केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां दोनों अधिकारियों ने मंदिर सुरक्षा व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। 

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

18 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल 

देहरादून कोतवाली नगर पुलिस ने 18 लाख रुपए कीमत की अवैध स्मैक के साथ महिला तस्कर को लक्खीबाग क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन के कार्यालय के सामने से गिरफ्तार किया। पुलिस ने महिला तस्कर से स्मैक बेचकर कमाये 52,770 रुपए बरामद किये हैं। महिला आरोपी के पति को भी पहले ही पुलिस ने अवैध गांजे की तस्करी में जेल भेजा था। पुलिस ने महिला तस्कर को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। 

आवाज 24x7....................आवाज 24x7

चाइनीज मांझे से कटा जेसीबी ड्राइवर का गला,हॉस्पिटल में तोड़ा दम,वीडियो आया सामने

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बीते दिन चाइनीज मांझे चपेट में आने से जेसीबी ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे पास हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अब इस घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे बाइक सवार जेसीबी ड्राइवर के गले में चाइनीज मांझा फंसा और वो घायल हो गया। 

आवाज 24x7....................आवाज 24x7

उत्तराखंड निकाय चुनाव आरक्षण नियमावली मामला, हाईकोर्ट में सुनवाई, 48 घंटे में जवाब देगी सरकार 

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा निकाय व पंचायत चुनाव कराने के लिए 2024 की आरक्षण नियमावली को चुनौती देती अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई की। मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने राज्य सरकार सहित राज्य चुनाव आयोग से 48 घंटे के भीतर याचिकाओं में लगाए गए आरोपों पर अपना जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। अब मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी को होगी। 

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा के पूर्व विधायक पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस से मांगी सुरक्षा,परिवार को भी बताया खतरा 

नगर पंचायत नगला में अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी विक्रम माहोड़ी ने बीजेपी प्रत्याशी सचिन शुक्ला पर डराने, धमकाने और बाहुबल का प्रयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी विक्रम माहोड़ी ने एसपी से सुरक्षा देने की गुहार लगाई है। नगर पंचायत नगला को लेकर कल कांग्रेस नेता और किच्छा विधायक ने पूर्व विधायक पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। 

आवाज 24x7.................आवाज 24x7

सरकारी हॉस्पिटल बना दंगल का अखाड़ा,भिड़े डॉक्टर और सीएमएस,महिला के मेडिकल को लेकर हाथापाई

सिविल अस्पताल रुड़की में शुक्रवार तीन जनवरी को जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया था कि बात डॉक्टर और अस्पताल के सीएमएस के बीच हाथापाई तक पहुंच गई थी। ये पूरा विवाद एक महिला के मेडिकल को लेकर हुआ। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और मामले की जांच करने की बात कही है। 

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

उत्तराखंड का फिर बढ़ा मान, शूटिंग कोच सुभाष राणा को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार, सीएम धामी ने दी बधाई

राजधानी देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि एक बार फिर से एक ही परिवार में दूसरा द्रोणाचार्य अवार्ड आ रहा है। दरअसल अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा के बाद अब उनके भाई सुभाष राणा को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा। सुभाष राणा ने टोक्यो पैरालंपिक 2020 में शामिल हुई निशानेबाजी टीम को प्रशिक्षण दिया था और 5 मेडल भी जीते थे।

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

रिटायरमेंट पर सबको रुला गए उत्तराखंड के डॉक्टर डॉ जीवन सिंह तितियाल, दिल्ली AIIMS हुआ भावुक, पद्मश्री से हो चुके हैं सम्मानित 

एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) दिल्ली के डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद आई सेंटर के प्रमुख डॉ जीवन सिंह तितियाल 31 दिसंबर 2024 को रिटायर हो गए।  एम्स में अपने 33 साल के करियर में उन्होंने एक लाख से ज्यादा मरीजों की आंखों के सफल ऑपरेशन किए। इसके साथ ही उन्होंने तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा और देश के पूर्व प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी तक की आंखों का भी इलाज किया। 

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

रुड़की में चुनावी रंजिश, भिड़े सभासद कैंडिडेट,जमकर हुई पत्थरबाजी,पुलिस बल तैनात

हरिद्वार के रुड़की में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के समर्थकों में किसी बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों की तरफ से जमकर पथराव होने लगा। इस घटना में दो कार समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ईटों की बौछार के बीच लोग जान बचाकर भागे। बताया गया है कि इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कराया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। 

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

समर्थन के बाद भी बीजेपी ने ठुकराल को नहीं अपनाया, पार्टी में कार्यक्रमों में नो एंट्री, लेटर जारी 

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भले ही रुद्रपुर नगर निगम में बीजेपी मेयर प्रत्याशी के समर्थन में अपना नामांकन वापस ले लिया हो,लेकिन पार्टी ने ठुकराल को अभीतक अपनाया नहीं है। क्योंकि बीजेपी ने राजकुमार ठुकराल के पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने पर नो एंट्री लगा दी है। ऊधम सिंह नगर से बीजेपी के जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने इसको लेकर एक लेटर जारी किया। 

आवाज 24x7...................आवाज 24x7

12 जनवरी को प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, सीएम करेंगे शुभारंभ, 17 देशों से पहुंचेंगे मेहमान 

उत्तराखंड सरकार द्वारा 12 जनवरी को (एक दिवसीय) उत्तराखंड का पहला अंतरराष्ट्रीय प्रवासी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में 17 देशों में रहने वाले उत्तराखंडी पहुंच रहे हैं। अब तक 50 से अधिक जानें मानें प्रवासी उत्तराखंडियों ने सम्मेलन के लिए अपना पंजीकरण करवा लिया है। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। सम्मेलन में उत्तराखंड में निवेश की संभावना, हॉस्पेटिलिटी – वेलनेस, कौशल विकास, विदेश में रोजगार और उच्च शिक्षा के साथ-साथ उद्यान जड़ी- बूटी में संभावना विषय पर चार अलग-अलग सत्रों में पैनल डिस्कशन भी किया जाएगा।