Good Morning India: पाकिस्तानी महिला से शादी करने वाला जवान CRPF से बर्खास्त! कर्नाटक में बजरंग दल नेता हत्याकांड से तनाव, भारत ने PAK से आयात रोका, मांगलिक स्वर लहरियों के बीच खुले बदरीनाथ मंदिर के कपाट

Good Morning India: Soldier who married a Pakistani woman was dismissed from CRPF! Tension in Karnataka due to Bajrang Dal leader murder, India stopped imports from Pakistan, Badrinath temple doors o

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना में खेलो इंडिया समारोह का इनॉगरेशन करेंगे। वे वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़ेंगे। वहीं आज IPL में दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच KKR Vs RR के मैच कोलकाता में, दूसरा मुकाबला PBKS Vs LSG के बीच धर्मशाला में खेला जाएगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तान से तनाव के बीच भारत ने डायरेक्ट और इनडायरेक्ट आयात पर बैन लगा दिया है। भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के आने पर भी रोक लगा दी है। सरकार ने सभी डाक सेवाएं भी पाकिस्तान के लिए बंद कर दीं। उधर मध्य प्रदेश के जबलपुर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर की ऑर्डनेंस फैक्ट्री में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इस बीच राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर BSF के राजस्थान फ्रंटियर ने पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया है। आरोप है कि रेंजर भारत की जासूसी कर रहा था।

इधर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने 41वीं बटालियन के जवान के मुनीर अहमद को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया है। कॉन्सटेबल के पद तैनात मुनीर अहमद ने एक पाकिस्तानी महिला के साथ शादी की थी और अपनी शादी की बात सभी से छिपाई थी। मुनीर की पत्नी पाकिस्तानी नागरिक है। यह जानते हुए भी उन्होंने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी उसे अपने साथ रखा। उन्होंने जानबूझकर पाकिस्तानी नागरिक को अपने यहां शरण दी। इसका खुलासा होने के बाद मुनीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

उधर कर्नाटक के आवास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बी.जेड. जमीर अहमद खान ने कहा- पाकिस्तान हमेशा से भारत का दुश्मन रहा है। अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह मुझे परमिशन दें, तो मैं आत्मघाती बम बांधकर पाकिस्तान जाकर हमला करने के लिए तैयार हूं। देश के लिए जान देने के लिए तैयार हूं। उनके आसपास मौजूद लोग हंसने लगे। इस पर खान ने कहा- मैं मजाक नहीं कर रहा हूं, मैं इसे लेकर बहुत गंभीर हूं।

इधर हिमाचल प्रदेश में विवादित संजौली मस्जिद को शिमला नगर निगम आयुक्त ने पूरी तरह तोड़ने के आदेश दिए हैं। वक्फ बोर्ड निगम की अदालत में मस्जिद कमेटी जमीन पर मालिकाना हक साबित नहीं कर सकी। मस्जिद का नक्शा और NOC भी मस्जिद कमेटी के पास नहीं है। मस्जिद के ऊपर की 3 मंजिलों को तोड़ने के आदेश निगम आयुक्त बीते साल 5 अक्टूबर को दे चुके हैं। इसके बाद से ही मस्जिद को तोड़ने का काम चल रहा था। ताजा आदेश के बाद अब संजौली में रिहायशी इलाके में बनी मस्जिद को पूरी तरह हटाना होगा।

उधर गोवा के शिरगांव में श्री लैराई जात्रा (यात्रा) के दौरान शुक्रवार रात मची भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 50 से ज्यादा लाेग घायल हैं, जिनमें 20 गंभीर हैं। लैराई जात्रा गोवा में आयोजित होने वाला हिंदू धार्मिक उत्सव है। हर साल अप्रैल या मई में इसका आयोजन होता है। इसमें गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हजारों श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालु जात्रा में शामिल होने मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक दुकान के सामने बिजली के तार से करंट लगने के बाद कुछ लोग गिर गए। जिससे भगदड़ मच गई। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

इधर कर्नाटक में बजरंग दल नेता सुहास शेट्टी की हत्या मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मंगलुरु में 1 मई को सुहास शेट्टी की हत्या के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है। इसी वजह से शहर में 6 मई तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। बता दें कि 1 मई की रात सुहास अपने पांच साथियों के साथ कार से कहीं जा रहा था, तभी दो कारों में सवार हमलावरों ने रास्ता रोक लिया। इसमें से 6 हमलावरों ने तलवार और धारदार हथियारों से सुहास पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल शेट्टी को नजदीक अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

उधर जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत 16 राज्यों में शनिवार को कई जगह आंधी-बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहाना बना रहा। इस दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना में कुछ जगह ओलवृष्टि हुई और केरल, कर्नाटक के आंतरिक इलाकों और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार-पांच दिनों तक तकरीबन आधे देश में आंधी बारिश का यह दौर जारी रहेगा।

इधर सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग और उनकी पार्टी पीपल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) ने शनिवार को हुए आम चुनाव में कुल 97 में से 65 सीट पर जीत दर्ज की है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत है। विपक्षी वर्कर्स पार्टी ने 6 सीटें जीती हैं और 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बाकी सीटों पर पीएपी आगे चल रही है।

अप उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बदरीनाथ मंदिर के कपाट आज रविवार सुबह छह बजे रवि पुष्य लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलते ही धाम जय बदरी विशाल के जयकारों की गूंज से गूंज उठा। वहीं, श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई। बदरीनाथ के कपाट खुलने पर यहां छह माह से जल रही अखंड ज्योति के दर्शन के लिए देश-विदेश के श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा अर्चना की।

इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैन्य व किसान परिवार के हेमंत द्विवेदी को श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पहली बार मंदिर समिति के बोर्ड में दो उपाध्यक्ष होंगे। इसके लिए समिति के एक्ट में राज्यपाल की मंजूरी से संशोधन किया गया।

उधर यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आई मध्य प्रदेश की एक महिला तीर्थ यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इससे पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

इधर उत्तराखंड चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल से हो चुकी है। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट खुल चुके हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार 4 मई को सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनाथ हेतु खोल दिए जाएंगे। वहीं तीनों धामों में काफी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। 30 अप्रैल को खुले गंगोत्री धाम में 23 हजार से ज्यादा जबकि यमुनोत्री धाम में अभी तक 38 हजार से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं 2 मई को खुले केदारनाथ धाम में 55 हजार से अधिक शिव भक्त बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।