Good Morning India: जीत के जश्न में भगदड़, जो गिरा फिर उठ नहीं पाया! 27 राज्यों में फैला कोरोना का नया वैरिएंट, उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में भारी बारिश! शादी में दिखावा करना पड़ा महंगा, 14 लाख की माला लूट ले गए नकाबपोश! जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Stampede in victory celebrations, whoever fell could not get up again! New variant of Corona spreads in 27 states, heavy rains in many states including Uttarakhand! Showing off in

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज अयोध्या के राम मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके अलावा 7 और मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा होगी। वहीं आज इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर, कप्तान शुभमन गिल मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। टीम 20 जून से 4 अगस्त के बीच 5 टेस्ट खेलेगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के बाद बेंगलुरु में हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, 33 लोग घायल हो गए। हादसा चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुआ, जब विधानसभा में टीम का सम्मान समारोह चल रहा था। कर्नाटक के CM सिद्धारमैया ने कहा कि स्टेडियम के बाहर 3 लाख लोगों की भीड़ थी, स्टेडियम की कैपेसिटी 35 हजार लोगों की थी। हादसे ने जीत की खुशी मिटा दी, यह नहीं होना चाहिए था।  RCB की जीत के बाद बेंगलुरु में विक्ट्री परेड होनी थी। बेंगलुरु विधानसभा से चिन्नास्वामी स्टेडियम के बीच 2.5 किमी रास्ते में करीब 3 लाख फैंस जमा हो गए। भीड़ कंट्रोल से बाहर हुई तो बेंगलुरु पुलिस ने परेड की इजाजत नहीं दी। लोगों के बीच स्टेडियम की घुसने की होड़ थी। एक छोटे गेट पर दबाव इतना बढ़ा कि वह टूट गया और भगदड़ मच गई। कई लोगों ने स्टेडियम की दीवार और छत पर भी चढ़ने की कोशिश की। चश्मदीदों के मुताबिक जो गिरा, उठ नहीं पाया। भीड़ के चलते एंबुलेंस भी देर से पहुंची। लोग घायलों को सड़क पर ही सीपीआर देते रहे। एबीएम मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर युवा हैं। इसमें 5 महिलाएं और 6 पुरुष हैं। सभी की उम्र 13 से 33 साल के बीच है। इनकी मौत सिर, रीढ़, पेट में गंभीर चोट लगने से हुई।

उधर राजस्थान से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने हथियारों के दम पर लूट की है। घटना एक शादी समारोह से नोटों की माला लेकर लौटते समय घटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। दरअसल तावडू का रहने वाला साद खान शादी समारोह में दूल्हे को नोटों की माला पहनाने का काम करता है। इसके एवज में वह 8 से 10 हजार रुपए किराया वसूलता है। इसी काम के तहत एक जून को साद खान चूहड़पुर गांव में एक शादी समारोह में 14.50 लाख रुपए की नोटों की माला, दूल्हे को पहनाने के लिए लाया था। वह माला पहनाने की रस्म पूरी करने के बाद वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान एक क्रेटा गाड़ी में आए हथियारबंद बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारी और नोटों की माला से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

इधर Google ने सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ई-मेल प्लेटफॉर्म Gmail को पूरी तरह से बदलने की तैयारी कर ली है। कंपनी इसमें AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित फीचर्स जोड़ने वाला है, जो आपकी जगह कई काम करेगा। यह टूल आपकी जगह ई-मेल लिखने के साथ-साथ और भी कई काम करेगा। कंपनी के DeepMind CEO ने जीमेल में किए जाने वाले इस बड़े बदलाव की जानकारी शेयर की है।

उधर केंद्र सरकार ने 2 फेज में जातीय जनगणना कराने का ऐलान किया है। गृह मंत्रालय ने बताया कि पहला फेज 1 अक्टूबर 2026 से शुरु होगा, जिसमें 4 पहाड़ी राज्य- हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं। 1 मार्च 2027 से दूसरा फेज शुरू होगा, जिसमें देश के बाकी राज्यों में जातीय जनगणना शुरू होगी। जनसंख्या की गणना कब से होगी, इसकी जानकारी 16 जून 2025 को आ सकती है।

इधर देश में कोरोना के 4300 से ज्यादा एक्टिव केस हैं। कोरोना के नए वैरिएंट्स से देश में जनवरी से अब तक 44 मौतें हो चुकी हैं। 37 मरीजों की मौत बीते 5 दिन में हुई है। केरल में सबसे ज्यादा 1373 एक्टिव केस हैं, यहां सर्दी-जुकाम और बुखार होने पर कोविड टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है।

उधर उत्तराखंड और हिमाचल में पिछले 2 दिनों से भारी बारिश और बर्फबारी के चलते पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम के रास्तों में बड़े पत्थर गिरने से रास्ते ब्लॉक हो गए हैं। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में पिछले 2 हफ्तों से लगातार बारिश हो रही है। बीते 11 दिन में मिजोरम में 626 लैंडस्लाइड की घटनाएं हुईं, जिसमें 5 लोग मारे गए हैं।

इधर पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में यूट्यूबर जसबीर सिंह को गिरफ्तार किया। उसके यूट्यूब चैनल 'जान महल' पर 10 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। वह 3 बार पाकिस्तान जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, वह ISI एजेंट शाकिर उर्फ जट्‌ट रंधावा के संपर्क में था। वह यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पाकिस्तानी उच्चायोग से निकाले गए अफसर से भी कॉन्टैक्ट में था। पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने बीते एक महीने में पंजाब से 8 लोगों को जासूसी के आरोप में अरेस्ट किया है। ये सभी आरोपी पाकिस्तानी एजेंटों के साथ लगातार संपर्क में थे।

उधर संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी दी। रिजिजू ने कहा कि सरकार पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा को तैयार हैं। साथ ही बताया कि सत्र के दौरान जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश हो सकता है। बता दें कि संसद के दो सत्रों के बीच का 6 महीने से अधिक का गैप नहीं हो सकता। संसद के सत्र को बुलाने और स्थगित करने की शक्ति राष्ट्रपति के पास होती है। राष्ट्रपति को विशेष सत्र बुलाने का भी अधिकार है।

इधर यूक्रेन की सिक्योरिटी सर्विस (SBU) ने दावा किया है कि उसने रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले कर्च ब्रिज को उड़ा दिया है। हमले में 1100 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, रूसी मिलिट्री ब्लॉगर्स ने कहा कि यह हमला नाकाम रहा। कर्च ब्रिज को रूस ने साल 2014 में क्रीमिया पर कब्जे के बाद 21 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनाया था। यह रूस के ट्रांसपोर्ट को क्रीमिया से जोड़ने वाला एकमात्र सीधा रास्ता है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में कोविड संक्रमण की रोकथाम व बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को एडवाइजरी जारी की है। जिसमें जिलाधिकारी, सीएमओ, राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को अस्पतालाें में बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि वर्तमान में कोविड संक्रमण की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। वर्तमान तक केंद्र सरकार की ओर से कोविड से किसी तरह के खतरे और जनहानि की कोई आशंका नहीं जताई गई।

उधर हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की एक पूर्व पदाधिकारी और उसके प्रेमी की घिनौनी हरकत का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि महिला नेत्री ने अपने प्रेमी व उसके दोस्त से नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कराया। कई बार उससे दरिंदगी हुई। रानीपुर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट सहित प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। भाजपा ने भी महिला को निष्कासित कर दिया है।

इधर आज गंगा दशहरा का स्नान पर्व है। मान्यता है कि आज ही के दिन मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। इस मौके पर हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार में हर की पैड़ी पर सुबह से गंगा स्नान करने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर पूजा कर मां गंगा से सुख समृद्धि की कामना की।

उधर उत्तराखंड में आज भी बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने जो अलर्ट जारी किया है, उसके अनुसार राज्य के 11 जिलों में बारिश होगी। 8 पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर जबकि 3 जिलों में कहीं-कहीं बारिश का अनुमान लगाया गया है। दो मैदानी जिले मौसम के लिहाज से शुष्क रहेंगे।