Good Morning India:नया आयकर बिल संसद में आज होगा पेश, दिल्ली में सीएम चेहरे से बड़ा सियासी संदेश देने की तैयारी,शपथ ग्रहण में होगा शक्ति प्रदर्शन,गृहमंत्री अमित शाह का कल उत्तराखंड दौरा,एक्शन में पुलिस प्रशासन,कुछ और न्यूज हैडलाइन्स,बड़ी खबरों व जानकारियों के लिए अभी लिंक क्लिक करें...
GoodMorning,नमस्कार,शुभ-प्रभात दोस्तो। एक और नई सुबह के साथ आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आपके साथ मैं हूँ तपस विश्वास। आईए नजर डालते हैं कुछ प्रमुख हैड्लाइन्स और खबरों पर...
अचानक मैरिज हॉल में घुसा तेंदुआ,मची चीख-पुकार, हमले में दरोगा मुकद्दर अली घायल,पहुंची रेस्क्यू टीम
लखनऊ पारा के बुद्धेश्वर स्थित एमएम मैरिज लॉन में चल रहे शादी समारोह में बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे एक जंगली जानवर घुस आया। उसको देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ व चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान समारोह में शामिल होने पहुंचा एक व्यक्ति छत से कूद गए। छत से गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उनको अस्पताल में भर्ती कराया। वन विभाग की टीम मैरिज हाल में घुसे जानवर की तलाश में लगी है। लोगों ने चर्चा है मैरिज लॉन में घुसा जंगली जानवर बाघ या तेंदुआ है।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
अमेरिका में फिर विमान हादसा, इस बार नौसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त,दोनों पायलट बचाए गए
अमेरिकी नौसेना का एक जेट बुधवार सुबह सैन डिएगो के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में दो पायलट सवार थे। हालांकि दोनों पायलटों को कोई चोट नहीं आई है। उन्हें एक मछली पकड़ने वाली नौका द्वारा बचाया गया और बाद में अस्पताल ले जाया गया। अमेरिकी कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता क्रिस्टोफर सैप्पी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद मछली पकड़ने वाले जहाज प्रीमियर ने जेट के चालक दल के सदस्यों को बचा लिया और फिर उन्हें पास के सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा बल की नाव में भेजा।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
अमेरिका पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ करेंगे बैठक, कई मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी 10वीं आधिकारिक यात्रा पर अमेरिका पहुंच गए हैं।प्रधानमंत्री मोदी 12-13 फरवरी को अमेरिका के दौरे पर हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक करेंगे।अगले दिन उनकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बहुप्रतीक्षित मुलाकात होगी। ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह उनसे पहली मुलाकात होगी।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
भीषण हादसा: गन्ने से भरी ट्रॉली में घुसी कार,तीन दोस्तों समेत चार की मौत,तीन घायल
लखीमपुर खीरी के थाना निघासन क्षेत्र में ढखेरवा निघासन स्टेट हाईवे पर हाजरा फार्म के पास गन्ने से भरी ट्रॉली में कार घुस गई। कार में सवार तीन दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। जबकि पंचर ट्रॉली बना रहे एक मिस्त्री की भी इस हादसे में जान चली गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
दिल्ली में सीएम चेहरे से बड़ा सियासी संदेश देने की तैयारी,शपथ ग्रहण में होगा शक्ति प्रदर्शन
भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी में नई सरकार के गठन की रूपरेखा तैयार कर ली है। कई दौर की बैठकों और चुनिंदा विधायकों से मुलाकात के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ देर रात दूसरी बार मैराथन बैठक की। इस बैठक में सरकार के गठन के अलावा शपथ ग्रहण समारोह पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, सीएम का चेहरा तय करने के साथ बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी है। साथ ही, हरियाणा की तर्ज पर शपथ ग्रहण समारोह में राजग का शक्ति प्रदर्शन भी होगा।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
केरल के कोट्टायम में रैगिंग: नर्सिंग कॉलेज में जूनियर छात्रों को निर्वस्त्र कर 3 महीने तक दीं यातनाएं,घोंपीं नुकीली चीजें
केरल के कोट्टायम में सरकारी नर्सिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्रों को रैगिंग के नाम पर क्रूरतापूर्ण ढंग से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। तृतीय वर्ष के छात्रों ने उन्हें निर्वस्त्र कर तीन महीने तक यातनाएं दीं। आरोपियों ने पीड़ित से शराब के लिए वसूली तो की ही, साथ ही उन्हें डंबल और कंपास यानी प्रकार जैसी नुकीली चीजों से घायल किया। पुलिस ने मामले में तृतीय वर्ष के पांच छात्रों को गिरफ्तार किया है।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
नया आयकर बिल संसद में आज होगा पेश, कर स्लैब या रिटर्न भरने की समय सीमा में बदलाव नहीं
लोकसभा में 13 फरवरी को पेश हो रहे नए आयकर विधेयक, 2025 को 1961 के पुराने कानून की जगह लेने के लिए तैयार किया गया है। नए कानून का लक्ष्य पुराने कानून की जटिलताओं को समाप्त कर इसे आम करदाताओं की समझ में आने लायक बनाना और मुकदमेबाजी के बोझ को कम करना है। 1961 के आयकर कानून में 66 बजटों के दौरान कई चीजें जोड़ी गईं जिससे यह लगातार जटिल होता चला गया। एक ओर जहां सरकार का दावा है कि नया कानून करों को लेकर ज्यादा स्पष्टता लाएगा वहीं आम लोगों में अब भी इसके वास्तविक असर को लेकर संदेह है।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
दो दिवसीय यात्रा पर यूएस पहुंचे पीएम मोदी,ब्लेयर हाउस में प्रवासी भारतीयों से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय अमेरिका की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले, उन्होंने फ्रांस की यात्रा की। जहां उन्होंने एआई एक्शन मीट की राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ सह-अध्यक्षता की। इस दौरे के दौरान कई समझौतों पर सहमति बनी।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
दिल का दौरा-स्ट्रोक और मौत का जोखिम 4.5 गुना बढ़ा, इन्सानी दिमाग में बढ़ रहे माइक्रो व नैनो प्लास्टिक
इन्सानी शरीर खास तौर से दिमाग में माइक्रोप्लास्टिक की मात्रा तेजी से बढ़ रही है। यह बढ़ोतरी एक गंभीर स्वास्थ्य खतरे की ओर इशारा करती है। लीवर और किडनी की तुलना में मस्तिष्क में कहीं अधिक मात्रा में प्लास्टिक के अति सूक्ष्म कण जमा हो रहे हैं। यह जानकारी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल नेचर मेडिसिन में प्रकाशित एक अध्ययन में सामने आई है।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
संत प्रेमानंद महाराज के पदयात्रा बंद होने से निराश भक्तों के लिए खुशखबरी,अब हो सकेंगे संत प्रेमानंद के दर्शन
मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज को कोई भगवान मानता है तो कोई गुरु। उनकी एक झलक पाने के लिए लोग घंटों इंतजार करते हैं। उनके आशीर्वाद के लिए अनुयायी बड़ी संख्या में उनके साथ पैदल यात्रा में शामिल होते हैं। कुछ लोगों के विरोध के बाद संत प्रेमानंद ने प्रतिदिन रात दो बजे करने वाली पदयात्रा के बजाय भोर में चार बजे केली कुंज आश्रम के बाहर गली में पैदल चलकर अपने अनुयायियों को दर्शन देने का फैसला किया है।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
फ्रांस यात्रा पूरी, अब अमेरिका के लिए रवाना हुए पीएम मोदी,डोनाल्ड ट्रंप से करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए अमेरिका रवाना हो गए। वह फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद वहां पहुंच रहे हैं। अमेरिका में पीएम मोदी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ रिस्ट्रिक्टिड और प्रतिनिधिमंडल स्तर दोनों फॉरमेट में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बता दें कि जनवरी में ट्रंप के अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद पीएम मोदी उनसे से मिलने वाले चौथे विदेशी नेता होंगे। पीएम मोदी ने अमेरिका रवाना होने से पहले फ्रांस में राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की। मैक्रों के साथ उन्होंने द्विपक्षीय चर्चा भी की।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
धामी मंत्रिमंडल की बैठक,बजट समेत 33 प्रस्तावों पर मुहर,विधायक पेंशन बढ़ी,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान लगभग 33 प्रस्तावों पर सहमति बनी है। इस बैठक के दौरान बजट प्रस्तावों और सड़क सुरक्षा नियमावली को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। दरअसल, उत्तराखंड राज्य में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने रोड सेफ्टी पॉलिसी तैयार की है, जिस पर मंत्रिमंडल ने सहमति जता दी है। साथ ही निर्वाचन विभाग का ढांचा पुनर्गठन किये जाने पर भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। वही पूर्व विधायकों को जहां पहले 40 हजार रुपए पेंशन मिलती थी उसे बढ़ाकर अब 60 हजार रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा हर साल पूर्व विधायकों की पेंशन में ₹3000 की बढ़ोत्तरी भी की जाएगी।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
गृहमंत्री अमित शाह का कल उत्तराखंड दौरा, एक्शन में पुलिस प्रशासन,सख्त हुई सिक्योरिटी,खेल मंत्री ने की समीक्षा
उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 14 फरवरी को होने जा रहा है। समापन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन और खेल विभाग पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। इसी बीच खेल मंत्री रेखा आर्य ने सर्किट हाउस में इवेंट कंपनियों और जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। साथ ही समापन समारोह की तैयारी की समीक्षा बैठक की।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
उत्तराखंड हाईकोर्ट को मिले एक और नए जज,कानून मंत्रालय ने अधिवक्ता आलोक मेहरा को नियुक्त किया न्यायाधीश
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय न्याय एवं विधि मंत्रालय ने अधिवक्ता आलोक मेहरा को उत्तराखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया है। उत्तराखंड हाईकोर्ट का जज नियुक्त किए जाने पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। देश के कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार देर शाम आलोक मेहरा को उत्तराखंड हाईकोर्ट का जज नियुक्त करने की अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट के जरिए जानकारी दी।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
उत्तराखंड कैबिनेट की मंजूरी,आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन के लिए शीतकाल में शुरू होगी हेली सेवा
पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन के लिए शीतकाल में पहली बार हेली सेवा संचालित की जाएगी। रुद्राक्ष एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से नवंबर माह में एमआई-17 हेलिकॉप्टर से सेवा शुरू की जाएगी। कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है। प्रदेश सरकार आदि कैलाश व ओम पर्वत की यात्रा को बढ़ावा दे रही है। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश व ओम पर्वत की यात्रा की थी। इसके बाद इस यात्रा को एक पहचान मिली। यात्रा को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग ने तीर्थ यात्रियों के लिए पांच से छह दिन का विशेष यात्रा पैकेज शुरू किया था।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने यूसीसी पर सरकार से छह हफ्ते में मांगा जवाब, लिव इन और मुस्लिम विवाह के प्रावधानों पर आपत्ति
नैनीताल हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से लागू किए गए यूसीसी 2025 को चुनौती देने वाली जनहित याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई की। अदालत ने राज्य सरकार को याचिकाओं में लगाए गए आरोपों पर छह सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र एवं न्यायमूर्ति आशीष नैथानी की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
उत्तराखंड में सड़क हादसे रोकने के लिए पहाड़ किनारे होगा पौधरोपण,पहली कक्षा से पढ़ाई जाएगी सड़क सुरक्षा
उत्तराखंड में सड़क हादसे रोकने के लिए पर्वतीय मार्गों पर सड़क किनारे पाैधराेपण किया जाएगा। नई सड़क सुरक्षा नीति में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया है। स्कूलों में बच्चों को कक्षा एक से सड़क सुरक्षा पढ़ाई जाएगी। कॉलेज से लेकर आमजन तक जागरूकता के कार्यक्रमों पर भी जोर दिया गया है।वही प्रारंभिक कक्षाओं से ही सड़क सुरक्षा की शिक्षा, पाठ्यक्रम अपडेशन, शिक्षक, अभिभावकों, स्कूल बस, स्कूल वैन संचालकों, शिक्षा विभाग के अफसरों को जागरूक करना।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
दो स्वर्ण सहित 11 और पदक मिले, सातवें स्थान पर उत्तराखंड, शतक के करीब पहुंचा
राष्ट्रीय खेलों में मेजबान उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन का सिलसिला बुधवार भी जारी रहा। राज्य ने दो स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक जीते। उत्तराखंड 22 स्वर्ण के साथ पदक तालिका में सातवें स्थान पर बना हुआ है। उत्तराखंड के पदकों की संख्या 97 पहुंच गई है। तमिलनाडु 24 स्वर्ण पदकों के साथ छठवें नंबर पर है। उत्तराखंड की बेटी अंकिता ध्यानी ने महिलाओं की पांच हमार मीटर दौड़ में राज्य को स्वर्ण पदक दिलाया। इस दौड़ में महाराष्ट्र की संजीवनी जाधव दूसरे और इसी राज्य की पूनम सोनुने तीसरे स्थान पर रही। राज्य को दूसरा स्वर्ण पदक कयाकिंग महिला वर्ग की 500 मीटर स्पर्धा में सोनिया और रोजी देवी की जोड़ी ने दिलाया।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
विधायक उमेश कुमार ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दी एसएसपी को धमकी,मुकदमा दर्ज
पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन से विवाद के बाद गिरफ्तारी के मामले में सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर एसएसपी को धमकी देने के मामले में पुलिस ने विधायक उमेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस कोतवाली के उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि 29 जनवरी को सोशल मीडिया पर खानपुर विधानसभा से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने अपनी फेसबुक पर एक लाइव वीडियो पोस्ट कर एसएसपी को धमकी दी थी।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
उत्तराखंड में राज्य सड़क सुरक्षा नीति 2025 को मंजूरी, जंगल की आग रोकने को प्रोत्साह
उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और वनाग्नि से निपटने के लिए दो बड़े फैसले लिए। सड़क हादसे रोकने के लिए सड़क सुरक्षा नीति के प्रस्ताव को मंजूरी दी और इसमें 19 विभागों की जिम्मेदारी तय कर दी। साथ ही जनभागीदारी से जंगल की आग पर काबू पाने के लिए वनाग्नि प्रबंधन समितियां बनाकर प्रत्येक को हर साल 30 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया। कैबिनेट ने पूर्व विधायकों की पेंशन-भत्ते भी बढ़ा दिए हैं।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
पेंशनर्स को लाभ देने के प्रयास में धामी सरकार,बेसिक पेंशन बढ़ोत्तरी पर किया जा रहा विचार
उत्तराखंड में पेंशनर्स को लाभ देने के लिए जल्द ही वित्त विभाग से हरी झंडी मिल सकती है। राज्य में पेंशनर्स की कम्युटेड पेंशन में कटौती की अवधि को कम करने से लेकर अतिरिक्त बेसिक पेंशन बढ़ोत्तरी पर विचार चल रहा है। माना जा रहा है कि वित्त विभाग ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाया तो हजारों पेंशनर्स को इसका फायदा मिल सकता है। सरकारी कर्मचारी की सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पेंशन में लाभ देने को लेकर विचार चल रहा है। उत्तराखंड में वित्त विभाग पेंशनर्स को लाभ देने के लिए फिलहाल मंथन कर रहा है और माना जा रहा है कि जल्द ही इस पर हरी झंडी भी दी जा सकती है।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
युवक की धारदार हथियार से हत्या,पुलिस ने हत्यारे तीन दोस्तों को किया गिरफ्तार
जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर शहर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या के मामले में उसी के तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपी और मृतक नशे के आदि थे। नशे के लिए चोरी और झपटमारी की घटना को अंजाम दिया करते थे। तीनों दोस्तों ने युवक की हत्या का प्लान बनाया और उसकी हत्या कर शव को गांव के खंडहर में छिपा दिया था।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
देहरादून: अब व्हाट्सप्प से होगी टैक्स वसूली,भेजे जाएंगे नोटिस,ब्लू टिक वाले नंबर पर ही करें भुगतान
राजधानी दून में अब हाउस टैक्स जमा न करने वाले बकायेदारों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा जाएगा। व्हाट्सएप पर नोटिस भेजने की प्रक्रिया मेयर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामि बंसल ने लॉन्च की। जिसके तहत मेयर थपलियाल ने एक क्लिक कर पहले चरण में 921 बकायेदारों को व्हाट्सएप पर नोटिस भेजा। बकायेदारों को साइबर ठगी से बचाने के लिए व्हाट्सएप नंबर को मेटा से वेरीफाई कराया गया है। ऐसे में नगर निगम की ओर से बकायेदारों को जिस नंबर से नोटिस भेजा जाएगा, उस पर ब्लू टिक होगा।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
27 फरवरी को उत्तराखंड आ सकते हैं पीएम मोदी, शीतकालीन प्रवास स्थल जा सकते हैं,14 को आ रहे अमित शाह
उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन में गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे. जिसकी तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। इसी बीच संभावना जताई जा रही है कि 27 फरवरी को शीतकालीन यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं। दरअसल उत्तराखंड में इन दिनों शीतकालीन यात्रा चल रही है। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और चारधाम के तीर्थ पुरोहितों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शीतकालीन यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया था।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
स्मार्ट प्रीपेड मीटर के मुद्दे पर सरकार को घेरने में जुटी कांग्रेस,सड़क से सदन तक घेरने का किया ऐलान
उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों बिजली बिल के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर का मुद्दा गरमाया हुआ है। दो दिन पहले किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को सड़क पर पटक-पटक कर तोड़ दिया था। वहीं इस संबंध में आज बुधवार 12 फरवरी को फिर से विधायक तिलक राज बेहड़ ने सरकार पर निशाना साधा। बुधवार 12 फरवरी को उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और जसपुर से कांग्रेस विधायक आदेश चौहान ने भी विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ मिलकर बीजेपी सरकार को स्मार्ट प्रीपेड मीटर के मामले पर आड़े हाथों लिया। कांग्रेस के तीनों विधायकों ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7