Good Morning India: भारत की बेटी अनाहत सिंह ने रचा इतिहास! बनीं विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियन,आज कारगिल विजय दिवस पर बलिदानियों को नमन,प्रह्लाद जोशी बने देश के नए शिक्षा मंत्री,धर्मनगरी हरिद्वार में नशे में धुत कार सवारों का तांडव,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।
फ्रांस-स्पेन में आग का भयानक तांडव: 2.5 लाख से ज़्यादा बेघर, बोर्डो शहर पर मंडराया ख़तरा।
बर्लिन में सीएसडी प्राइड परेड के दौरान भीड़ में घुसी अनियंत्रित कार, 1 की मौत, 17 घायल।
जर्मनी में भीषण हादसा: आवासीय मकान की छत पर गिरा निजी विमान, दो लोगों की मौत।
ईरान-यूएस संघर्ष दो हफ्ते बाद थमा, पर कैस्पियन और लाल सागर में गहराया संकट,यूक्रेन का ईरानी जहाज पर हमला।
कारगिल विजय दिवस: 'ऑपरेशन विजय' से 'ऑपरेशन सिंदूर' तक... 27 वर्षों में अभेद्य बनी भारत की सैन्य ताकत।
अनाहत सिंह ने रचा इतिहास: बनीं विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियन, मिस्र का 14 साल पुराना दबदबा खत्म।
इंडिया गेट से कारगिल तक 1000 किमी का सफर: 25 वर्षीय आयुष ने पैदल यात्रा कर अमर शहीदों को दिया नमन।
प्रह्लाद जोशी बने देश के नए शिक्षा मंत्री: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति ने सौंपा अतिरिक्त प्रभार।
मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी: गुजरात के 6 जिलों में भारी बारिश का 'रेड अलर्ट', यूपी-एमपी समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान का ख़तरा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही ने ली मासूम की जान: 15 फीट गहरे खुले गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत।
बद्रीनाथ धाम चढ़ावा मामला: मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को बड़ा झटका, ज़मानत और पुलिस रिमांड दोनों अर्जियां ख़ारिज।
हरिद्वार में नशे में धुत कार सवारों का तांडव: बैरियर तोड़ अपर बाजार में घुसी स्विफ्ट, भीड़ ने की धुनाई।
बैकफ़ुट पर सरकार: उत्तराखंड में 34 प्रभारी ईओ की नियुक्तियां निरस्त, युवाओं के दबाव के आगे झुका शहरी विकास विभाग।
देहरादून में बंद घर से लाइसेंसी रिवाल्वर चुराने वाला शातिर गिरफ्तार: 10 मामलों में नामजद आरोपी से कारतूस भी बरामद।
उत्तराखंड के जंगलों में मिला दुनिया का सबसे बड़ा पतंगा: 1 फीट फैले पंखों वाला 'एटलस माथ' देख हैरान हुए लोग।
उत्तराखंड को सीएम धामी की बड़ी सौगात: 62 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी वित्तीय मंजूरी।
हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-पेरिस। दक्षिणी यूरोप में जंगलों में लगी भीषण आग ने फ्रांस और स्पेन में भारी तबाही मचा दी है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक 2.5 लाख से अधिक लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। इनमें मध्य स्पेन से निकाले गए करीब 70 हजार लोग भी शामिल हैं। स्पेन के वालेंसिया प्रांत के मैनिसेस में एक व्यक्ति की मौत की भी पुष्टि हुई है, जो इस आपदा से जुड़ी पहली मौत मानी जा रही है। फ्रांस में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक हैं। सरकार ने आग पर काबू पाने के लिए विशाल सैन्य कार्गो विमान A400M को तैनात किया है, जो जंगलों के ऊपर फ्लेम रिटार्डेंट केमिकल का छिड़काव कर रहा है। हजारों दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है। अधिकारियों को आशंका है कि लपटें विश्व प्रसिद्ध वाइन नगरी बोर्डो तक पहुंच सकती हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्व प्रसिद्ध साइकिल रेस टूर डी फ्रांस के अंतिम चरण का मार्ग भी बदल दिया गया है। पहले 133 किलोमीटर लंबी रेस अब केवल 89 किलोमीटर के सर्किट तक सीमित रहेगी, ताकि सुरक्षा बलों और राहत कर्मियों को आग प्रभावित इलाकों में लगाया जा सके। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज़ ने इसे "लंबी और बेहद कठिन लड़ाई" बताते हुए कहा कि आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ने राहत अभियान में सैनिकों को भी उतार दिया है और जहरीले धुएं से बचाव के लिए 15 लाख फेस मास्क मंगवाए हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी राहत एवं बचाव अभियान तेज करने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
बर्लिन। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टियरगार्टन पार्क में आयोजित सालाना 'क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे प्राइड' इवेंट के दौरान एक संदिग्ध वाहन चालक ने जश्न मना रही भीड़ में तेज़ी से गाड़ी घुसा दी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त सफेद रंग की लावारिस गाड़ी बरामद की है। घटना के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में जर्मन पुलिस और आपातकालीन बल बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। बर्लिन के मेयर काई वेग्नर ने इस हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे बर्लिन के 'स्वतंत्र, खुले और सहिष्णु समाज पर सीधा हमला' करार दिया है। यह दुखद घटना उस समय घटी जब लाखों लोग समाज में विविधता और सहिष्णुता के समर्थन में एकत्र हुए थे। घटना के बाद ब्रैंडेनबर्ग गेट के पास चल रहे लाइव कॉन्सर्ट को बीच में ही रोक दिया गया और रात लगभग 10:15 बजे परेड को पूरी तरह स्थगित कर दिया गया। पुलिस और आयोजकों ने एहतियात के तौर पर टियरगार्टन पार्क का इलाका खाली करा लिया है और लोगों से अपने घरों को लौटने की अपील की है। मामले की जांच हर संभावित कोण से की जा रही है।
बर्लिन। उत्तर-पश्चिमी जर्मनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक छोटा निजी विमान अनियंत्रित होकर सीधे एक रिहायशी मकान की छत पर जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में विमान में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा ओल्डेनबर्ग शहर के पास स्थित गैंडरकेसी इलाके में हुआ। गवाहों के मुताबिक, विमान अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे एक आवासीय क्षेत्र में बने घर की छत से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। विमान में सवार दोनों मृतक ब्रेमेन शहर के निवासी थे, जिनकी उम्र 65 और 77 वर्ष बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआत में पुलिस ने एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के लापता होने की आशंका जताई थी। हालांकि, मलबे की जटिल और गहन रिकवरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों ने दोनों व्यक्तियों की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आपातकालीन टीमों ने सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। उड्डयन विभाग और स्थानीय पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है कि विमान में कोई तकनीकी खराबी आई थी या यह किसी अन्य वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बीते दो सप्ताह से जारी भीषण सैन्य टकराव पर शनिवार को पहली बार विराम लगा, लेकिन मध्य पूर्व और आसपास के जलमार्गों पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। दोनों पक्षों की ओर से बमबारी थमने के बाद भी नए मोर्चों पर भड़की हिंसा ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। एक अभूतपूर्व घटनाक्रम में यूक्रेन ने कैस्पियन सागर में सैन्य आपूर्ति ले जा रहे एक ईरानी मालवाहक जहाज पर हमला कर दिया। ईरानी विदेश मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि इसमें चालक दल के एक सदस्य की मौत हुई है और एक घायल हुआ है। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, कैस्पियन सागर लंबे समय से ईरान और रूस के बीच हथियारों की आपूर्ति का सुरक्षित जरिया रहा है। दूसरी ओर, लाल सागर में यमन के ईरान समर्थित हूती लड़ाकों के आक्रामक तेवरों ने संकट को और गहरा दिया है। हूतियों ने सऊदी अरब की ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाते हुए रॉकेट और ड्रोन हमले किए। सोशल मीडिया पर सऊदी अरब के जाजान स्थित अरामको रिफाइनरी से धुआं उठते वीडियो वायरल हुए हैं। हूती लड़ाकों द्वारा सऊदी जहाजों पर समुद्री नाकेबंदी की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल गोलाबारी थमी है, लेकिन कैस्पियन सागर से लेकर लाल सागर तक भड़की इस बहुपक्षीय जंग ने पूरे क्षेत्र को गहरे संकट में धकेल दिया है।
श्रीनगर। देश आज 26 जुलाई को 27वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है। वर्ष 1999 में भारतीय सेना के अदम्य साहस का प्रतीक बना 'ऑपरेशन विजय' न केवल ऐतिहासिक जीत की गाथा है, बल्कि इसने भारत की रक्षा नीति और सैन्य क्षमता का चेहरा हमेशा के लिए बदल दिया। टोलोलिंग और टाइगर हिल जैसी दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहराकर भारत ने दुनिया को अपनी ताकत का लोहा मनवाया था। कारगिल युद्ध के बाद भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में व्यापक सुधार किए। तीनों सेनाओं में बेहतर समन्वय के लिए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का पद सृजित हुआ। 'आत्मनिर्भर भारत' के तहत आईएनएस विक्रांत, ब्रह्मोस मिसाइल और पिनाका जैसी स्वदेशी प्रणालियों ने सेना को आधुनिक बनाया, जिसके चलते आज भारत 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। सीमा पार आतंकवाद से निपटने की रणनीति भी पूरी तरह बदल चुकी है। 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 के पुलवामा जवाब और 2025 के 'ऑपरेशन सिंदूर' में भारत ने उन्नत ड्रोन, लोइटरिंग म्यूनिशन और आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए दुश्मन के हमलों को हवा में ही नाकाम किया। इस अवसर पर देशभर में अमर बलिदानियों को नमन किया जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से 1,900 किलोमीटर लंबी 'शौर्य विजय यात्रा' को हरी झंडी दिखाकर द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक के लिए रवाना किया। 'एक सवारी, एक राष्ट्र, एक सलाम' के संदेश के साथ यह यात्रा अमर जवानों की शहादत को नमन कर रही है।
श्रीनगर। कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों और भारतीय सेना के अतुलनीय शौर्य को नमन करने के लिए उत्तर प्रदेश के 25 वर्षीय युवा आयुष मद्धेशिया की अनोखी श्रद्धांजलि यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर आयुष द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शूरवीरों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। युवाओं में देशभक्ति का जज़्बा जगाने के उद्देश्य से 26 जून को दिल्ली के इंडिया गेट से शुरू हुई यह 1,000 किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा 30 दिनों के कड़े परिश्रम के बाद कारगिल वॉर मेमोरियल से महज 30 किलोमीटर दूर मटायन पहुंची। आयुष ने बताया कि सेना के प्रति आभार जताने और आज की 'जेन-जी' पीढ़ी को देश के इतिहास व वीरों की गाथाओं से जोड़ने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया। यात्रा के दौरान वे प्रतिदिन एक कारगिल नायक की शौर्यगाथा को डिजिटल माध्यमों से युवाओं तक पहुंचाते रहे। यह सफर बेहद कठिन और चुनौतियों से भरा रहा। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की 45 डिग्री की प्रचंड गर्मी से लेकर लद्दाख की 10,500 फीट से अधिक ऊंची पहाड़ियों पर 2 से 3 डिग्री की कड़ाके की ठंड, ऑक्सीजन की कमी और जंगली जानवरों के खतरों का सामना करते हुए भी उनके कदम नहीं डगमगाए। स्थानीय लोगों के समर्थन को याद करते हुए आयुष ने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें पंजाब से लेकर कश्मीर तक भारी जनसमर्थन मिला, जहां स्थानीय लोगों ने उनके रहने-खाने का भी सहर्ष प्रबंध किया।
कनाडा। भारत की 18 वर्षीय स्टार खिलाड़ी अनाहत सिंह ने वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। वह यह प्रतिष्ठित विश्व खिताब हासिल करने वाली देश की पहली स्क्वैश खिलाड़ी बन गई हैं। कनाडा में खेले गए फाइनल मुकाबले में अनाहत ने दूसरी वरीयता प्राप्त मिस्र की रुकय्या सालेम को एकतरफा अंदाज में 11-3, 11-7, 11-9 से करारी शिकस्त दी। अनाहत की यह उपलब्धि कई मायनों में ऐतिहासिक है। वर्ष 2005 में दिग्गज खिलाड़ी जोशना चिनप्पा के उपविजेता रहने के 21 साल बाद कोई भारतीय खिलाड़ी इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा था। अनाहत ने न केवल फाइनल में जगह बनाई, बल्कि स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। इसके साथ ही उन्होंने साल 2011 से इस चैंपियनशिप पर कायम मिस्र के एकाधिकार को भी हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। पूरे टूर्नामेंट में अनाहत का प्रदर्शन अभूतपूर्व रहा। उन्होंने छह में से चार मैचों में मिस्र की दिग्गज खिलाड़ियों को मात दी। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इस ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह देश के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों में स्क्वैश को पहली बार शामिल किया जा रहा है। ऐसे में अनाहत सिंह की यह स्वर्णिम सफलता आगामी ओलंपिक में भारत के लिए पदक की मजबूत उम्मीद जगाती है।
नई दिल्ली। नीट और परीक्षा प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच देश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। प्रह्लाद जोशी वर्तमान में खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों का प्रभार भी संभाल रहे हैं, और अब वे दोनों जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। यह महत्वपूर्ण फैसला संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर लिया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। राष्ट्रपति कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस दोहरी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य शिक्षा मंत्रालय के कामकाज में बिना किसी बाधा के निरंतरता बनाए रखना है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रह्लाद जोशी ने कहा, "प्रधानमंत्री जी ने मुझे यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, जिसे मैं पूर्ण कर्तव्य, विनम्रता और निष्ठा के साथ स्वीकार करता हूं। बीते वर्षों में पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में अहम भूमिका निभाई है।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में वे शिक्षा क्षेत्र में सुधारों और नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी क्षमता से काम करेंगे।
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में कुदरत का मिज़ाज बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताज़ा चेतावनी जारी करते हुए अगले कुछ घंटों के दौरान गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में तेज़ बारिश, आंधी और बिजली गिरने का ख़तरा जताया है। मौसम विभाग ने गुजरात के छह जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' घोषित किया है। आईएमडी के अनुसार, गुजरात के बनासकांठा, महेसाणा, मोरबी, पाटन, साबरकांठा और सुरेंद्रनगर जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से आंधी चलने और मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। वहीं, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मेघालय और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। यूपी के लखनऊ, कानपुर, आगरा, अयोध्या और रायबरेली समेत दर्जनों जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर व जम्मू तथा मध्य प्रदेश के रीवा व सीधी जैसे जिलों में भी आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। आंधी-पानी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों के पास न खड़े होने तथा अनाव्यशक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसायटी के पास ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की घोर लापरवाही के कारण एक 6 वर्षीय मासूम की जान चली गई। बोरिंग कार्य के लिए खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। मृतक बच्चे की पहचान केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव के पुत्र के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे बच्चा सोसायटी के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बारिश के पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे के पास उसका पैर फिसल गया। आसपास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्राधिकरण ने कई दिन पहले बोरिंग के लिए यह गड्ढा खोदा था, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से न तो चारों ओर बैरिकेडिंग की गई और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया। इस घटना ने शहर में कुछ समय पहले हुए 'युवराज मेहता हादसे' की भयानक यादें ताजा कर दी हैं, जिसके बाद प्राधिकरण ने तमाम सुरक्षा दावों का आश्वासन दिया था। हादसे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-चमोली। विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के बहुचर्चित चढ़ावा प्रकरण में चमोली न्यायालय ने एक बड़ा और अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले के मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को किसी भी तरह की राहत देने से साफ इनकार करते हुए उसकी ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी है। इसके साथ ही, न्यायालय ने पुलिस द्वारा मांगी गई आरोपी की कस्टडी रिमांड की अपील को भी नामंजूर कर दिया है। बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे में हेरफेर से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस लगातार जांच और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। इसी सिलसिले में पुलिस ने मुख्य आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए कोर्ट से उसकी कस्टडी रिमांड की मांग की थी, जबकि बचाव पक्ष के वकीलों ने ज़मानत के लिए दलीलें पेश की थीं। अदालत ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद न तो पुलिस की रिमांड अर्जी स्वीकार की और न ही आरोपी की ज़मानत अर्ज़ी। चमोली न्यायालय के इस सख्त रुख के बाद अब मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को फिलहाल सलाखों के पीछे ही रहना पड़ेगा। न्यायालय के आदेशानुसार, आरोपी आगामी 6 अगस्त तक पुरसाड़ी स्थित कारागार में न्यायिक अभिरक्षा (न्यायिक हिरासत) में रहेगा। इस बहुचर्चित मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही और पुलिस जांच लगातार जारी है।
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे व्यस्त अपर बाजार क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पुलिस का बैरियर तोड़ते हुए भीड़भाड़ वाले बाजार में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार युवक नशे में पूरी तरह धुत्त थे और उन्होंने कई वाहनों व दुकानों के बाहर रखे सामान को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। अनियंत्रित कार मनसा देवी पैदल मार्ग की ओर बढ़ी, जहां पीछा कर रहे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने कार को घेरकर रोक लिया। कार रुकते ही गुस्साए लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। भीड़ ने कार चालक और उसमें सवार 3-4 युवकों को बाहर खींच लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान उग्र भीड़ ने कार के शीशे भी तोड़ डाले। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कार चालक के नशे में होने की आशंका है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून। उत्तराखंड के शहरी विकास विभाग में अधिशासी अधिकारियों (ईओ) की नियुक्तियों को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार गहराने के बाद नए मोड़ पर पहुंच गया है। युवाओं और विभिन्न संगठनों के उग्र आंदोलन के आगे झुकते हुए विभाग ने 17 जुलाई 2026 को जारी सभी 34 प्रभारी अधिशासी अधिकारियों की नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर सचिव शहरी विकास ने यह निरस्तीकरण आदेश जारी किया है। गौरतलब है कि हाल ही में निदेशालय ने विभिन्न नगर निकायों में कार्यरत क्लर्कों, कर निरीक्षकों और सफाई निरीक्षकों को प्रभारी ईओ की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस फैसले के सामने आते ही कर्मचारी संगठनों, विपक्ष और युवाओं ने मोर्चा खोल दिया था। उत्तराखंड बेरोज़गार संघ ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए शनिवार को शहरी विकास निदेशालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया था। संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने विभागीय मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी थी। सरकार द्वारा नियुक्तियां रद्द किए जाने के बाद उत्तराखंड बेरोज़गार संघ ने इसे युवाओं की बड़ी जीत करार दिया है। हालांकि, विभाग ने अचानक लिए गए इस फैसले की कोई आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की है। अब देखने वाली बात होगी कि रिक्त पड़े ईओ पदों पर नियमित एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया कब शुरू की जाती है।
देहरादून। डालनवाला पुलिस ने क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी स्वदेशी रिवाल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। पकड़ा गया आरोपी नशे का आदी है और उस पर पहले से ही चोरी व अन्य अपराधों के 10 मामले दर्ज हैं। घटना 23 जुलाई की है, जब इंदर रोड निवासी शैलेंद्र सिंह त्यागी बाहर से घर लौटे तो अलमारी का सेफ टूटा हुआ मिला। सेफ से उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस और नकदी गायब थी। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद बलबीर रोड के पास से संदिग्ध हालत में भाग रहे एक युवक को दबोचा गया, जिसकी पहचान हसनैन उर्फ राजा के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की थी। चोरी की नकदी उसने नशे में उड़ा दी, जबकि रिवाल्वर और कारतूस लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास रख लिए थे। कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने बताया कि आरोपी पहले भी जेल जा चुका है और इस बार भी वह किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता का एक अनूठा उदाहरण चमोली जिले के ग्राम नवाना में देखने को मिला, जब 78 वर्षीय उमा देवी ने अपने घर के पास पेड़ की पत्तियों पर एक विशालकाय जीव देखा। करीब एक फीट (10 से 12 इंच) तक फैले पंखों वाले इस अनजान जीव को देखकर पहले तो ग्रामीण अचंभित रह गए, लेकिन बाद में वन्यजीव विशेषज्ञों ने पुष्टि की कि यह दुनिया के सबसे बड़े पतंगों में शुमार 'एटलस माथ' है। तितली विशेषज्ञ संजय सोंधी के अनुसार, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी और देहरादून के जंगलों में एटलस माथ की मौजूदगी पाई जाती है। इसका दिखना स्वस्थ वन पारिस्थितिकी तंत्र का एक बेहद सकारात्मक संकेत है। भूरे रंग और पंखों पर मानचित्र जैसे आकर्षक पैटर्न के कारण इसे 'एटलस' नाम दिया गया है। इसके पंखों की अनूठी बनावट शिकारियों को भ्रमित कर देती है। इस विशाल पतंगे का जीवन चक्र भी काफी हैरान करने वाला है। वयस्क बनने के बाद यह केवल कुछ ही सप्ताह जीवित रहता है और इस दौरान कुछ भी नहीं खाता, क्योंकि इसके मुंह के अंग पूरी तरह विकसित नहीं होते। यह अपनी इल्ली (कैटरपिलर) अवस्था में जमा की गई वसा के सहारे ही जिंदा रहता है और इसका एकमात्र उद्देश्य प्रजनन करना होता है। नर एटलस माथ कई किलोमीटर दूर से ही मादा की गंध पहचान लेता है।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के समग्र विकास को गति देते हुए राज्य में विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 62 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले से अवस्थापना, धार्मिक पर्यटन, जल शोधन और जन-कल्याण के कार्यों को नई दिशा मिलेगी। स्वीकृत धनराशि में से देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव और गढ़ी डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र (STP) के लिए भूमि क्रय हेतु 6.62 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त, नाबार्ड द्वारा वित्त पोषित 21 प्रमुख विकास योजनाओं के लिए 41.37 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी अर्द्धकुंभ-2027 की पूर्व तैयारियों को पुख्ता करने के लिए 12.31 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिनसे बैरिकेडिंग, फायर वॉच टावर और 8 अस्थायी रैन बसेरों का निर्माण किया जाएगा। धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के तहत द्वाराहाट, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के मंदिरों के जीर्णोद्धार, धर्मशालाओं और सुंदरीकरण कार्यों के लिए वित्तीय मंजूरी दी गई है। वहीं, किच्छा में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क व तालाब के सुंदरीकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। छात्र-कल्याण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी की पढ़ाई कर रहे पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए 36.84 लाख रुपये की छात्रवृत्ति जारी करने का भी अनुमोदन किया है।
---- समाप्त ----
दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।