गुड़ मॉर्निंग इंडिया: कोरोना ने बढ़ाई टेंशन, उत्तराखंड में बाहर से आने वालों की जांच की तैयारी! गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी, लिंक में पढ़ें बड़ी अपडेट
नमस्कार, गुड़ मॉर्निंग इंडिया के साथ हम एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत हैं। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम में सात कैंसर अस्पतालों का उद्घाटन करेंगे, साथ ही सात और अस्पतालों की नींव भी रखेंगे। वहीं आज विदेश मंत्री एस. जयशंकर बांग्लादेश और भूटान जाएंगे, वे बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मिलेंगे। उधर आज IPL के 41 मैच में दिल्ली और कोलकाता के बीच शाम 7.30 बजे से मुकाबला शुरू होगा।
बड़ी खबरों की शुरुआत आईपीएल से करते हैं। IPL के 40वें मैच में गुजरात ने हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया। 196 रनों के टारगेट का पीछा कर रही गुजरात को आखिरी ओवर में 22 रन चाहिए थे। राशिद खान और तेवतिया ने ओवर में चार छक्के लगाकर टीम को जीत दिला दी। राशिद ने 11 गेंद में 33 और तेवतिया के 21 गेंद पर 40 रन बनाए। हैदराबाद के लिए उमरान मलिक ने 25 रन देकर 5 विकेट लिए।
उधर LIC का IPO 4 से 9 मई तक खुला रहेगा। ये देश का सबसे बड़ा IPO होगा। सरकार की योजना LIC की 3.5% हिस्सेदारी बेचकर 21 हजार करोड़ रुपए जुटाने की है। इससे पहले Paytm ने IPO से 18,300 करोड़ रुपए जुटाए थे। LIC के पॉलिसी होल्डर्स को हर शेयर पर 60 रुपए डिस्काउंट मिलेगा। IPO का प्राइस बैंड 902 से 949 रुपए के बीच और लॉट साइज 15 शेयर का है।
इधर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के मित्रिगम इलाके में सुरक्षाबलों ने बुधवार की रात मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकी अल- बद्र से जुड़े बताए जाते हैं। ये आतंकी प्रवासी मजदूरं पर हमले में शामिल रहे थे। इनके पास से 2 एके 47 भी बरामद हुई हैं।
उधर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच मुलाकात हो सकती है। दोनों नेता जापान में होने वाले क्वाड सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं । माना जा रहा है कि हिंद महासागर में चीन के विस्तार को रोकने पर चर्चा हो सकती है।
इधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने BSF पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि BSF के जवान गांवों में घुसकर लोगों को मार रहे हैं और उनके शव बांग्लादेश में फेंक रहे हैं। ममता ने कूचबिहार के SP से कहा है कि वे BSF के जवानों को रोकें। केंद्र सरकार ने पिछले साल BSF को पश्चिम बंगाल में बॉर्डर से 50 किमी तक तलाशी, गिरफ्तारी और जब्ती की इजाजत दी थी।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड में अन्य राज्यों से आने वालों की फिर से कोरोना जांच करने की तैयारी है। इसके लिए जल्द ही मानक प्रचालन कार्य विधि (एसओपी) जारी की जाएगी। साथ ही प्रदेश में कोरोना की प्रतिदिन होने वाली जांच को दोगुना किया जा रहा है।
इधर उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिन प्रदेश में भीषण गर्मी और लू चलने को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जंगल की आग की घटनाएं बढ़ने की आशंका है।
उधर प्रदेश में जंगलों की आग भयावह होती जा रही है। जिस तेजी से घटनाएं बढ़ रही हैं, उससे 2016 और बीते वर्ष लगी भीषण आग का रिकॉर्ड टूटता दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटे में 227 घटनाओं में 561 हेक्टेयर जंगल को नुकसान पहुंचा है। जबकि अब तक कुल 1443 वनाग्नि की घटनाएं रिपोर्ट की जा चुकी हैं।