Good Morning India:डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद महाविनाश,अमेरिकी मिसाइलों से कांपा ईरान,देहरादून में आज राहुल गांधी की 'युवा हुंकार',वही गांधी के दौरे से पहले सीएम धामी का 'मास्टरस्ट्रोक' लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।
डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद महाविनाश:अमेरिकी मिसाइलों से कांपा ईरान,एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और पुल मलबे में तब्दील
ट्रंप सरकार का बड़ा फैसला: अब 'असीमित' समय तक अमेरिका में नहीं रह पाएंगे विदेशी छात्र और पत्रकार, वीजा की अवधि तय
भारत-अमेरिका संबंध अब तक के सबसे मजबूत दौर में, वैश्विक मंच पर दुनिया का नेतृत्व कर रहा है भारत
शेख हसीना की वतन वापसी पर सस्पेंस: बांग्लादेशी मंत्री ने साफ किया रुख-कदम रखते ही होंगी गिरफ्तार
ऐतिहासिक दिन: आज देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी; हरियाणा-पंजाब को ₹26,000 करोड़ की सौगात
केजरीवाल का बड़ा सियासी दांव: नीट विवाद पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, पीएम मोदी को दिया सोनम वांगचुक का सुझाव
दिल्ली दरबार में पंजाब कांग्रेस के बागियों की पेशी: वेणुगोपाल ने ली रिपोर्ट; अब राहुल-खरगे की बैठक में होगा अंतिम फैसला
बदले समीकरण के साथ सोमवार से मानसून सत्र: 'इंडिया' ब्लॉक में दरार से मजबूत हुआ एनडीए, महिला आरक्षण पर सरकार की बड़ी तैयारी
घाटी में आतंक पर सबसे बड़ा प्रहार: 10 हजार फीट की ऊंचाई पर सीआरपीएफ ने ध्वस्त किए ठिकाने, बनाए 55 नए मिलिट्री बेस
देहरादून में आज राहुल गांधी की 'युवा हुंकार': पेपर लीक के काले इतिहास पर घेरेंगे सरकार को, छात्रों से करेंगे सीधा संवाद
रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: फाटा–बड़ासू मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा डंपर, दो की दर्दनाक मौत
वन विभाग के चर्चित एसडीओ राजीव नयन नौटियाल गिरफ्तार: धोखे से शादी और यौन शोषण का आरोप; भेजे गए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले देहरादून में बड़ा हादसा: क्रेन से टेंट लगाते समय सिर पर गिरा लोहे का गार्डर, कांग्रेस नेता की मौत
उत्तराखंड में फिर हिली धरती: उत्तरकाशी में भूकंप के झटके, दहशत में घरों से बाहर भागे लोग
राहुल गांधी के दौरे से पहले सीएम धामी का 'मास्टरस्ट्रोक':आज युवाओं से करेंगे सीधा संवाद, पेपर लीक और अग्निवीर पर देंगे करारा जवाब
उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: पुलिस विभाग में जल्द होगी बंपर भर्ती,मुख्यालय ने सभी जिलों से मांगा खाली पदों का ब्यौरा
हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ,वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में युद्ध की आग अब बेकाबू हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दो दिन पहले दी गई सख्त चेतावनी के बाद, अमेरिकी सेना ने ईरान पर अब तक का सबसे भीषण हमला बोल दिया है। लगातार छठी रात हुए इस हवाई हमले में अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने न केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, बल्कि ईरान के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को भी पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। व्यापारिक दृष्टि से दुनिया के सबसे संवेदनशील इलाके 'होर्मुज जलडमरूमध्य' के पास स्थित ईरान के दक्षिणी प्रांत अमेरिकी मिसाइलों के मुख्य निशाने पर रहे। इस महाविनाश में ईरान के प्रमुख हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और लाइफलाइन माने जाने वाले पुल मलबे के ढेर में बदल चुके हैं। ईरान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित ईरानशहर एयरपोर्ट पर अमेरिकी विमानों ने सीधे मिसाइलें दागीं। जोरदार धमाकों से पूरा रनवे और एयरपोर्ट परिसर दहल उठा। देश के सबसे व्यस्त रूटों में से एक, बंदर अब्बास शहर के मुख्य रेलवे जंक्शन स्टेशन को अमेरिका ने बमबारी कर मलबे में तब्दील कर दिया। इस हमले में स्टेशन पर काम कर रहे दो रेल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा ईरान के केशम द्वीप, बुशहर और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण अहवाज शहर में भी रातभर भीषण धमाकों की गूंज सुनाई देती रही। अमेरिकी हमलों ने ईरान के परिवहन और संपर्क तंत्र की कमर तोड़ दी है। होर्मोजगान प्रांत में बंदर खमीर के पास स्थित दो विशाल और मुख्य पुलों को हवाई हमलों में पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, इस पुल हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इन पुलों के टूटने से बंदर अब्बास, खमीर और लार शहरों के बीच का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में आव्रजन नियमों को लेकर एक और बेहद सख्त कदम उठाया है। ट्रंप प्रशासन ने विदेशी छात्रों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत आने वाले लोगों और विदेशी पत्रकारों के लिए वीजा नियमों को कड़ा कर दिया है। इस फैसले का सीधा असर अमेरिका में पढ़ रहे और भविष्य में जाने वाले हजारों भारतीय छात्रों व चीनी नागरिकों पर पड़ना तय है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग द्वारा जारी नए अंतिम नियम के मुताबिक, अब अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए F वीजा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों के लिए जे वीजा और मीडिया कर्मियों के लिए I वीजा की एक निश्चित समय-सीमा तय कर दी गई है। इससे पहले तक ये सभी वीजा संबंधित पढ़ाई के कोर्स, कार्यक्रम या अमेरिका में नौकरी की अवधि तक वैध रहते थे। यानी जब तक छात्र पढ़ाई कर रहे थे या पत्रकार काम कर रहे थे, वे अमेरिका में रह सकते थे। लेकिन अब नए नियमों के तहत उन्हें एक निश्चित अवधि के बाद देश छोड़ना होगा या वीजा रिन्यू कराना होगा। यह नया नियम संघीय रजिस्टर में प्रकाशित होने के 60 दिन बाद प्रभावी होगा, हालांकि इससे पहले इसे अमेरिकी कांग्रेस की समीक्षा प्रक्रिया से गुजरना होगा।
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंध इस समय बेहद शानदार और मजबूत हैं। भारत आज किसी एक क्षेत्र में नहीं, बल्कि कई क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।" यह बात संयुक्त राष्ट्र आर्थिक-सामाजिक परिषद में अमेरिकी प्रतिनिधि और वरिष्ठ राजदूत डैन नेग्रेआ ने कही है। न्यूयॉर्क में आयोजित एक उच्च स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नेग्रेआ ने दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और सामरिक रिश्तों की जमकर तारीफ की। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि भारत अब वैश्विक मंच पर सिर्फ एक भागीदार नहीं, बल्कि एक अग्रणी (Leader) देश बनकर उभरा है। अमेरिकी दूत नेग्रेआ ने भारत द्वारा अमेरिका में किए जा रहे भारी निवेश को दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा भारत के पास आज दुनिया को देने के लिए बहुत कुछ है। भारतीय निवेशकों ने अमेरिका में बड़ा पूंजी निवेश किया है। यह एक ऐसा द्विपक्षीय सहयोग है जिससे दोनों ही देशों को भारी आर्थिक फायदा हो रहा है। हम दोनों देश अब बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगी हैं। संयुक्त राष्ट्र में 'दक्षिण-दक्षिण सहयोग' में भारत की अहम भूमिका की सराहना करते हुए नेग्रेआ ने साफ किया कि भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है।
नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। बांग्लादेश सरकार ने भारत से उम्मीद जताई है कि वह हसीना की वापसी को लेकर जल्द ही सकारात्मक जवाब देगा। इस बीच, बांग्लादेश की ओर से यह पूरी तरह साफ कर दिया गया है कि 78 वर्षीय शेख हसीना के बांग्लादेश लौटते ही उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल अगस्त में हिंसक छात्र प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी, जिसके बाद वे अचानक भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं। बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा "शेख हसीना के पास अब कानूनन आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। चूंकि वे पहले से ही सजायाफ्ता हैं, इसलिए देश के कानून के मुताबिक बांग्लादेश की धरती पर कदम रखते ही उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया जाएगा। बता दें कि नवंबर में एक विशेष अदालत ने मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में ही मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, हसीना ने इन सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है और हाल ही में दिसंबर तक स्वेच्छा से वतन लौटने की इच्छा जताई थी।
चंडीगढ़। भारत आज हरित क्रांति के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रदूषण मुक्त सफर की दिशा में यह भारतीय रेलवे का अब तक का सबसे बड़ा और क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। यह अनूठी ट्रेन हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच चलाई जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 11:00 बजे जींद पहुंचेंगे। हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करने के बाद, वे जींद के एकलव्य स्टेडियम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी हरियाणा के लिए लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों को लेकर देश की राजनीति में भूचाल आ गया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन अब पूरी तरह से राजनीतिक रंग पकड़ चुका है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ऐसा चौंकाने वाला सुझाव दिया है जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। पर्यावरणविद और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के आमरण अनशन और युवाओं के विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने अरविंद केजरीवाल खुद जंतर-मंतर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा यदि युवाओं की आवाज और इस आंदोलन को नजरअंदाज किया गया, तो सरकार को आगामी चुनावों में इसकी बहुत भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी। अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो सत्ताधारी दल का वही हाल होगा जो 2014 में तत्कालीन सरकार का हुआ था। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से मांग की कि नीट जैसी परीक्षाओं में छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि देश की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए सोनम वांगचुक जैसे निष्पक्ष और विजनरी व्यक्ति को देश का नया शिक्षा मंत्री बनाया जाना चाहिए।
नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस का अंदरूनी घमासान एक बार फिर दिल्ली के 'दरबार' तक पहुंच गया है। पंजाब कांग्रेस के बागी नेताओं ने गुरुवार को दिल्ली पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ प्रभारियों के सामने अपना पक्ष रखा। हालांकि, काफी कोशिशों के बावजूद इन नाराज नेताओं की राहुल गांधी से सीधे मुलाकात नहीं हो सकी। संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने हाईकमान के निर्देश पर इन नेताओं के साथ सामूहिक और अलग-अलग दौर की लंबी बैठकें कीं। वेणुगोपाल ने पूरे घटनाक्रम की गहन जानकारी लेने के बाद देर शाम अपनी विस्तृत रिपोर्ट राहुल गांधी के कार्यालय को सौंप दी है। अब पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व और संगठन के भविष्य को लेकर अंतिम फैसला राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की संयुक्त बैठक के बाद होगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हाईकमान ने ही इन नाराज नेताओं को दिल्ली तलब किया था। लेकिन पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को राहुल गांधी से मिलने का समय नहीं मिला। राहुल कार्यालय की ओर से चन्नी समेत सभी बागी नेताओं को संगठन महासचिव वेणुगोपाल से मिलने को कहा गया था। वेणुगोपाल को सख्त निर्देश थे कि वे सभी नेताओं की बात सुनकर उसी दिन अपनी टिप्पणी के साथ रिपोर्ट हाईकमान को दें।
नई दिल्ली। आगामी सोमवार से शुरू हो रहा संसद का मानसून सत्र बेहद हंगामेदार और ऐतिहासिक होने जा रहा है। पिछले सत्र में विपक्ष के एकजुट चक्रव्यूह में फंसी मोदी सरकार इस बार बिल्कुल नए अवतार और बढ़े हुए संख्याबल के साथ मैदान में उतर रही है। पिछले तीन महीनों में देश का सियासी गणित पूरी तरह पलट चुका है, जिससे 'आपदा को अवसर' में बदलने की तैयारी कर रही सरकार के हौसले बुलंद हैं। विपक्ष के 'इंडिया' ब्लॉक के लिए यह सत्र किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना और आम आदमी पार्टी में अंदरूनी टूट की खबरों के बीच, द्रमुक और कांग्रेस के रिश्तों में आई तल्खी ने विपक्षी एकता पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। अब कांग्रेस के सामने बिखरते कुनबे को संभालने की भारी चुनौती है। बीते बजट सत्र में संख्याबल की कमी के कारण मोदी सरकार को महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर पीछे हटना पड़ा था। लेकिन अब एनडीए का कुनबा बढ़ने से समीकरण बदल गए हैं। एनडीए के सदस्यों की संख्या 292 से बढ़कर 318 हो गई है। भाजपा सांसदों की संख्या 103 से बढ़कर 117 पहुंच चुकी है। एनसीपी (शरद पवार गुट) ने भी एनडीए में शामिल होने के संकेत दिए हैं, जिससे सरकार बेहद मजबूत स्थिति में है।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की कमर तोड़ने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अब तक का सबसे बड़ा और रणनीतिक ऑपरेशन चलाया है। सुरक्षाबलों ने दुर्गम पहाड़ियों पर 10 हजार फीट की बेतहाशा ऊंचाई पर जाकर न सिर्फ आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया है, बल्कि वहां 55 नए अस्थायी ऑपरेशन बेस भी स्थापित कर दिए हैं। इस ऐतिहासिक कार्रवाई के बाद आतंकियों के वे सुरक्षित ठिकाने पूरी तरह खत्म हो गए हैं, जहां वे सालों से पैर पसारे बैठे थे। आधुनिक हथियारों और हाई-टेक उपकरणों से लैस जवानों की मुस्तैदी का ही नतीजा है कि अब घाटी में स्थानीय आतंकियों का वजूद लगभग समाप्त हो चुका है। सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया। खुफिया इनपुट के आधार पर यह साफ हुआ था कि सुरक्षाबलों की नियमित पहुंच न होने के कारण आतंकी 8 से 10 हजार फीट की ऊंचाई वाले इलाकों को अपना सेफ हेवन (सुरक्षित ठिकाना) बना रहे थे। इसके बाद जुलाई 2025 से CRPF ने इन ऊंचाइयों पर अपने बेस बनाने का कड़ा फैसला लिया और आतंकियों को वहां से खदेड़ दिया।
अब रुख करते हैं उत्तराखंड की ख़बरों की तरफ़ देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी आज (17 जुलाई) उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। देहरादून में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का पूरा फोकस प्रदेश के युवाओं और छात्रों पर रहेगा। राहुल गांधी का यह दौरा राज्य की सियासत में बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे उत्तराखंड में पिछले कुछ सालों में हुए पेपर लीक के काले इतिहास को एक बार फिर जनता के सामने उजागर करने वाले हैं। कांग्रेस की रणनीति साफ है राज्य के उन संवेदनशील मुद्दों को हवा दी जाए, जिसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया। राहुल गांधी अपने संबोधन में इन्हीं घटनाओं का जिक्र कर सीधे युवाओं से संवाद स्थापित करेंगे। राहुल गांधी के इस भव्य कार्यक्रम के लिए देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड को चुना गया है, जहां बड़ी संख्या में छात्रों और बेरोजगार युवाओं के जुटने की उम्मीद है। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी का दावा है कि राहुल गांधी यहां कोई पारंपरिक राजनीतिक भाषण नहीं देंगे, बल्कि युवाओं के बीच जाकर उनसे सीधा सवाल-जवाब करेंगे।
ग्राउंड के अलावा, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस संबोधन को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाने की खास तैयारी है।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुद्रप्रयाग जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गुरुवार शाम फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डंपर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, रात करीब 8:43 बजे दुर्घटना की सूचना मिली कि वाहन संख्या UK13CA0826 तरसाली के पास गहरी खाई में क्रैश हो गया है। इसके तुरंत बाद एसडीआरएफ,एनडीआरएफ , स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
देहरादून। देहरादून के चकराता क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोलकर हाल ही में सुर्खियों में आए वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव नयन नौटियाल अब खुद एक बेहद गंभीर कानूनी विवाद में घिर गए हैं। एक युवती द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद विकासनगर पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए एसडीओ राजीव नयन को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
विकासनगर कोतवाली के एसएसआई शिशुपाल राणा के मुताबिक, पीड़ित युवती ने SDO के खिलाफ धोखे से शादी करने और शारीरिक व मानसिक शोषण करने की लिखित तहरीर दी थी। मामला उच्च पदस्थ अधिकारी से जुड़ा और गंभीर होने के कारण पुलिस ने तत्काल विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रात में ही गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से ठीक पहले राजधानी देहरादून से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' की तैयारियों के दौरान आयोजन स्थल पर एक भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमर मेहता के सिर पर लोहे का भारी-भरकम गार्डर गिर गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का शुक्रवार (17 जुलाई) को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस बड़े आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता ग्राउंड पर मुस्तैद थे। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने घटना की जानकारी देते हुए बताया आयोजन स्थल पर मानसून को देखते हुए क्रेन के माध्यम से वाटरप्रूफ टेंट लगाने का काम तेजी से चल रहा था। इसी दौरान क्रेन से काम करते समय अचानक एक बड़ा लोहे का गार्डर सीधे वहां मौजूद कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर आ गिरा। गार्डर गिरते ही मैदान में हड़कंप मच गया। लहूलुहान हालत में अमर मेहता को पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस की मदद से आनन-फानन में बिना वक्त गंवाए नजदीकी सीएमआई अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर कुदरत की धमक महसूस की गई है। उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी विकासखंड मुख्यालय और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती डोलने से स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर लोग तुरंत अपने घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से बाहर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। हालांकि, राहत की बात यह रही कि ये झटके महज कुछ सेकंड तक ही महसूस किए गए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। उत्तरकाशी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई है। इसका मुख्य केंद्र भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत आने वाले पिलंग गांव के जंगलों में जमीन से लगभग 7 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। तीव्रता कम होने के कारण जिला मुख्यालय और अन्य दूरदराज के क्षेत्रों में इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला।
देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में आज युवाओं और भर्ती परीक्षाओं के मुद्दे पर आर-पार की जंग देखने को मिलेगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से ठीक पहले, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाबी रणनीति तैयार कर ली है। सीएम धामी आज (शुक्रवार) सुबह ही युवाओं के बीच पहुंचकर विपक्ष के आरोपों की हवा निकालेंगे और पेपर लीक व अग्निपथ योजना पर सरकार का रुख साफ करेंगे। भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल की अगुवाई में डोईवाला में सुबह 11 बजे 'युवा संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी मुख्य रूप से शिरकत करेंगे और युवाओं से सीधे मुखातिब होंगे। दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के पेपर लीक मामले को एक बड़ा मुद्दा बनाते हुए धामी सरकार को घेरने की कोशिश की है। इसके जवाब में सीएम धामी ने पलटवार की पूरी तैयारी कर ली है। इस संवाद कार्यक्रम के मुख्य बिंदु निम्नलिखित होंगे। मुख्यमंत्री युवाओं के सामने कांग्रेस शासनकाल के दौरान भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों और उस पर तत्कालीन सरकारों के ढुलमुल रवैये का कच्चा चिट्ठा खोलेंगे। सेना से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर कांग्रेस के राजनीतिक रवैये को आड़े हाथों लिया जाएगा और युवाओं को योजना के फायदे गिनाए जाएंगे।
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे और खाकी वर्दी पहनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक बेहद शानदार और राहत भरी खबर है। प्रदेश में पुलिस विभाग के विभिन्न रिक्त पदों पर जल्द ही एक बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए कमर कस ली है और राज्य के सभी जिलों व पुलिस इकाइयों से खाली पड़े पदों का नया और अद्यतन ब्यौरा तलब किया है। माना जा रहा है कि रिक्तियों का अंतिम आंकड़ा सामने आते ही भर्ती के प्रस्ताव को तुरंत आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार की योजना आगामी चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले ही इस भर्ती प्रक्रिया का शंखनाद करने की है, ताकि युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर मिल सके। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय इस समय बेहद गंभीरता से काम कर रहा है। इसके तहत सभी जनपदों, पीएसी, आईआरबी और पुलिस की अन्य तकनीकी शाखाओं में स्वीकृत और वर्तमान में खाली चल रहे पदों का बारीकी से मिलान किया जा रहा है। इस आगामी बंपर भर्ती में न केवल कांस्टेबल, बल्कि हेड कांस्टेबल, उपनिरीक्षक और अन्य संवर्गों के रिक्त पदों को भी शामिल करने का आकलन किया जा रहा है।
दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।