Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज,वही महिलाओं के कपड़े पहन श्रृंगार करने लगा इंजीनियर पति तो पत्नी ने मांगा तलाक,कुछ और न्यूज हैडलाइन्स,बड़ी खबरों व जानकारियों के लिए अभी लिंक क्लिक करें...

Good Morning India: Case filed against Uttarakhand Cabinet Minister's son, the engineer husband started dressing up in women's clothes and the wife asked for divorce, click the link now for some more

GoodMorning,नमस्कार,शुभ-प्रभात दोस्तो। नए साल की एक और नई सुबह के साथ आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आपके साथ मैं हूँ तपस विश्वास। आईए नजर डालते हैं कुछ प्रमुख हैड्लाइन्स और खबरों पर...

महिलाओं के कपड़े पहन श्रृंगार करने लगा इंजीनियर पति तो पत्नी ने मांगा तलाक,कोर्ट पहुंचा मामला 

पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर एक व्यक्ति ने शादी के 8 साल बाद महिलाओं की तरह कपड़े पहनने शुरू कर दिए। पत्नी के समझाने के बाद भी पति मानने को तैयार नहीं है। इतना ही नहीं पति ने आधार कार्ड में भी नाम बदलवा लिया। इससे परेशान होकर पत्नी ने तलाक के लिए पति को राजी किया। अब दोनों ने सहमति से तलाक की अर्जी दाखिल की है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

10 रुपये का स्टांप पेपर और प्रिंटर! छाप डाले 500-500 के नोट

नकली नोट छापने के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया। 500-500 के नोट छापने में ये गिरोह माहिर है। खास बात ये है कि इस गिरोह द्वारा छापे गए नोटों की पहचान करना भी मुश्किल है कि कौन सा असली है और कौन सा नकली। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

पीएम मोदी गांदरबल में 13 को करेंगे जेड मोड़ सुरंग का उद्घाटन, कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जनवरी को गांदरबल जिले में जेड मोड़ टनल का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए समारोह स्थल और टनल के आसपास की सुरक्षा का जिम्मा विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) को सौंपा गया है। टनल के मल्टी टीयर सुरक्षा घेरे में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के सुरक्षित और सुचारु उद्घाटन के लिए सुरक्षा उपायों की जमीनी स्तर पर योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

उत्तराखंड में प्रवास के दौरान पीएम मोदी करेंगे बदरी-केदार में पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के एक दिवसीय प्रवास के दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे और शीतकालीन यात्रा का संदेश देने के लिए इस बार गंगोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा या यमुनोत्री के खरशाली जा सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन और शीतकालीन यात्रा पर आने का अनुरोध किया था। प्रधानमंत्री ने इसके के लिए अनुमति दे दी है। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज! रिजॉर्ट बनाने के लिए काटे संरक्षित प्रजाति के पेड़

निजी नाप भूमि पर रिजाॅर्ट निर्माण के लिए संरक्षित प्रजाति के पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। मामले में वन विभाग ने पीयूष अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, वह कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बेटे हैं। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नीलकंठ मार्ग पर खैरखाल में 26 पेड़ काटे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 24 पेड़ छूट प्रजाति के हैं, जबकि दो पेड़ संरक्षित प्रजाति के हैं। जांच में दो खैर के पेड़ काटे जाने पर लालढांग रेंज द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

गृह मंत्री शाह ने की बीपीआरएंडडी की बैठक की अध्यक्षता, पुलिस की बेहतर छवि बनाने के लिए दिए निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी) पुलिस बलों को आवश्यक बौद्धिक, भौतिक और संगठनात्मक संसाधनों से लैस कर पुलिसिंग के साथ आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए स्मार्ट बलों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

पीएम मोदी ने राष्ट्र को सौंपा 10 हजार भारतीयों का जीनोम डाटा, कोरोना जैसे संक्रामक रोगों के उपचार में मिलेगी मदद

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को 10 हजार भारतीयों का जीनोम सीक्वेंसिंग डाटा राष्ट्र को सौंपा। यह उपलब्धि जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान के क्षेत्र में मील का पत्थर है। देश में आनुवंशिक विविधता का प्रतिनिधित्व करने वाले जीनोम इंडिया डाटा पर भारतीय जैविक डाटा केंद्र (आइबीडीसी) के शोधकर्ता शोध कर सकेंगे। इससे जेनेटिक और संक्रामक रोगों के उपचार में मदद मिलेगी।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

उत्तराखंड में भू-कानून उल्लंघन पर बड़ी संख्‍या में मुकदमें दर्ज, छह मामलों में सरकार ने जब्‍त की जमीन

उत्तराखंड में भू-कानून के उल्लंघन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती का प्रभाव दिखने लगा है। गत दिसंबर के पहले पखवाड़े तक भू-कानून के 279 मामले पकड़े गए। इनमें से 243 पर मुकदमें दर्ज किए जा चुके हैं। विशेष यह है कि तीन माह की अवधि में बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और अल्मोड़ा में कुल छह प्रकरणों में तीन हेक्टेयर से अधिक भूमि सरकार में निहित की जा चुकी है। विभिन्न जिलों में यह कार्यवाही अभी चल रही है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर लगेगी पाबंदी, सोशल मीडिया यूज पर भी बढ़ेगी सख्ती

गुजरात में बच्चों के लिए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। गुजरात सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह बच्चों के लिए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को प्रतिबंधित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी करेगी। सरकार का मानना है कि स्क्रीन पर बहुत अधिक समय बिताना बच्चों के लिए अच्छा नहीं है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कर्मियों को मिलेगी 3 हजार रुपए पेंशन,धामी सरकार ने जारी किया निर्देश

उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पेंशन का तोहफा मिल सकता है। उन्हें तीन हजार रुपये तक पेंशन मिल सकती है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने एक उच्च स्तरीय बैठक में जल्द इसका प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

उत्तराखंड में गरजेगा धामी का बुलडोजर, तोड़े जाएंगे 525 घर, एनजीटी का निर्देश जारी

उत्तराखंड सरकार को एनजीटी ने रिस्पना नदी के फ्लड जोन में बसी बस्तियों के मकान ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि, उत्तराखंड विधानसभा से पारित अतिक्रमण हटाने पर रोक से जुड़ा कानून भी पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत लागू नहीं होगा। फ्लड जोन में किसी भी तरह का स्थाई निर्माण नहीं किया जा सकता। इसलिए रिस्पना नदी किनारे बसी सभी बस्तियों को ध्वस्त किया जाना चाहिए। अब एनजीटी के इस आदेश से रिस्पना के फ्लड जोन में बसे 525 घरों पर दोबारा ध्वस्तीकरण की तलवार लटक गई है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

उत्तराखंड में इसी महीने लागू होगी यूसीसी, मुख्यमंत्री धामी का ऐलान

उत्तराखंड में इसी महीने से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता कानून होगा। धामी बृहस्पतिवार को 29वें उत्तरायणी मेला का उद्घाटन करने उत्तर प्रदेश के बरेली आए थे। धामी ने अपने राज्य में की गई विभिन्न पहलों का जिक्र भी किया।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

पारा लुढ़का, बढ़ा सर्दी का सितम,फ‍िर बर्फ की सफेद चादर से ढकेंगी वादियां

उत्तराखंड  में मौसम के अचानक करवट लेने से कंपकंपी बढ़ गई है। दो दिन में पारे में करीब चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। दिनभर बादल मंडराने और सर्द हवाएं चलने से हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान दिया गया था, लेकिन बादलों के डेरे के बीच वर्षा के आसार बने हुए हैं। शुक्रवार को भी कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। शनिवार और रविवार को दून में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

 बोर्ड परीक्षा: उत्तराखंड में 10वीं-12वीं की परीक्षा के लिए बनाए 1245 केंद्र, 165 संवेदनशील घोषित

उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के लिए राज्य में 1,245 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें से 165 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के मुताबिक, परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए राज्य, मंडल एवं जिला स्तर पर सचल दल गठित किए जाएंगे। राज्यभर में बनाए गए केंद्रों में से 49 एकल और 1,196 मिश्रित हैं, जबकि पांच केंद्र अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में टिहरी जिले में सबसे अधिक 135 और चंपावत जिले में 42 केंद्र बनाए गए हैं।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

अंतरराष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन: 17 देशों से आएंगे 60 प्रतिनिधि, सीएम करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

अंतरराष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में 17 देशों से 60 प्रतिनिधि शामिल होंगे। 12 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन में चार अलग-अलग सत्रों में कृषि एवं उद्यान, पर्यटन, उद्योग, कौशल विकास की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के स्वागत को तैयार उत्तराखंड, सम्मेलन के बहाने निवेश ढूंढ रही सरकार

उत्तराखंड सरकार अंतरराष्ट्रीय प्रवासी सम्मेलन के बहाने राज्य में बड़े निवेश को तलाश रही है। इसके लिए फिलहाल इस सम्मेलन के सफल आयोजन में सरकार जुटी हुई है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने गुरुवार 9 जनवरी को विभिन्न सेक्टर से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सम्मेलन के दौरान आयोजित होने वाले सत्रों की जानकारी ली। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

सीएम धामी ने चकरपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया लोकार्पण, यहां नेशनल गेम्स के तहत होगी मलखंब प्रतियोगिता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के चकरपुर के वन चेतना केंद्र में करीब 16 करोड़ 15 लाख की लागत से बने अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत मलखंब प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस है. जहां बास्केटबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी जैसे खेलों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले मैदान बनाए गए हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों के ठहरने के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध है। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

निकाय चुनाव को लेकर कैबिनेट मंत्रियों का बड़ा बयान, बंपर जीत का किया दावा, कांग्रेस को घेरा

नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बीजेपी कांग्रेस लगातार जीत का दम भर रहे हैं. इसी कड़ी में अल्मोड़ा पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने नगर निकाय चुनाव ने बीजेपी की बड़ी जीत का दावा किया है। वहीं मसूरी में गणेश जोशी भी बीजेपी की जीत को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

रामनगर में बाघ ने मजदूर को बनाया निवाला, गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, जाम की सड़क 

रामनगर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज अंतर्गत आने वाले कंपाउंड नंबर 10 में बाघ ने एक मजदूर पर हमला कर दिया। जिससे मजूदर की मौत हो गई. वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने रामनगर-ढेला मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया। मृतक की पहचान प्रेम (उम्र 38 वर्ष) निवासी सांवल्दें, नेपाली बस्ती के रूप में हुई है। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

निकाय चुनाव के प्रचार में उतरे कांग्रेस के स्टार प्रचारक! हरक सिंह रावत ने संभाला मोर्चा

कांग्रेस से मेयर पद के प्रत्याशी दीपक जाटव और वार्ड नंबर 27 से कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी अभिनव सिंह को जीत दिलाने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने शिवाजी नगर और बैराज कॉलोनी के पास दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार-प्रसार किया और लोगों से क्षेत्र के विकास के लिए दीपक जाटव और अभिनव सिंह को वोट देने की अपील की। 

आवाज 24x7......................आवाज 24x7

सामूहिक नरसंहार: एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या,मरने वालों में तीन बच्चे 

मेरठ में लिसाड़ी गेट की सुहैल गार्डन कॉलोनी में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। मरने वालों में तीन बच्चे हैं। सभी की लाशें घर के अंदर ही मिली हैं। अभी तक ये जानकारी नहीं लगी है कि हत्या किसने की और इसका कारण क्या है। एसएसपी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे।  जांच के लिए क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वायड की मदद से सुराग ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। परिवार के पांचों लोगों की हत्या गला रेतकर की गयी थी।