नैनीताल के शेरवुड कॉलेज से डायोसिस ऑफ आगरा तक,शेरवुड के प्रिंसिपल अमनदीप संधू को मिली नई जिम्मेदारी,डायोसिस ऑफ आगरा के बने सचिव
उत्तराखंड के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान शेरवुड कॉलेज के प्रिंसिपल अमनदीप संधू को Diocese of Agra का सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति डायोसिस ऑफ आगरा के बिशप B K Nayak द्वारा कार्यकारी समिति की सिफारिश पर की गई है।अमनदीप संधू का यह कार्यकाल तीन वर्षों के लिए होगा, जो डायोसिस ऑफ आगरा की अगली परिषद तक प्रभावी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर इस कार्यकाल को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र में लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें ये महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
आपको बता दें कि अमनदीप संधू वर्ष 2004 से शेरवुड कॉलेज के प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में नैनीताल स्थित इस ऐतिहासिक आवासीय विद्यालय में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए। शेरवुड कॉलेज की आधिकारिक जानकारी के अनुसार उनके कार्यकाल में कैंपस में आधुनिक नेटवर्क और इंटरनेट सुविधाओं का विस्तार किया गया, छात्राओं के लिए नए मल्टीपरपज़ हॉल और हॉस्टल डॉर्मिटरी बनाई गईं, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित की गईं तथा विद्यालय के बुनियादी ढांचे का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया।
उनके कार्यकाल में शेरवुड कॉलेज को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक पहचान भी मिली। कॉलेज को CISCE के साथ-साथ Cambridge Assessment International Education (CAIE) से भी संबद्धता प्राप्त हुई, जिससे छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ने का अवसर मिला।
करीब डेढ़ शताब्दी पुराने शेरवुड कॉलेज को देश के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों में गिना जाता है। इस संस्थान से सैम मानेकशॉ अमिताभ बच्चन जैसी कई नामचीन हस्तियां जुड़ी रही हैं।
अमनदीप संधू की नई नियुक्ति पर शिक्षा जगत, पूर्व छात्रों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।