लगातार चौथी जीतः उत्तराखंड बार काउंसिल में डीके शर्मा ने रचा इतिहास! चौथी बार बने सदस्य
नैनीताल। उत्तराखंड बार काउंसिल के हालिया चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए सदस्य पद पर जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ उन्होंने लगातार चौथी बार निर्वाचित होने का कीर्तिमान स्थापित किया है, जो राज्य की विधिक राजनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
साल 2000 में उत्तराखंड उच्च न्यायालय की स्थापना के बाद से अब तक हुए प्रत्येक चुनाव में डीके शर्मा ने सफलता हासिल की है। शुरुआती दौर से लेकर वर्तमान तक उनकी सक्रिय भूमिका और कानूनी क्षेत्र में निरंतर योगदान ने उन्हें अधिवक्ताओं के बीच मजबूत पहचान दिलाई है। विधि क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान को देखते हुए वर्ष 2013 में उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता की उपाधि प्रदान की गई। न्यायिक कार्यों में उनकी सक्रियता और विभिन्न संवैधानिक मामलों में प्रभावी पैरवी ने उन्हें राज्य के प्रमुख विधि विशेषज्ञों में शामिल किया है।

डीके शर्मा का प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव भी उल्लेखनीय रहा है। वे उधम सिंह नगर के पृथक जिला बनने के बाद जिला बार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष रहे। इसके अलावा वे उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। राज्य सरकार में वे जीए और वरिष्ठ अपर महाधिवक्ता जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वे बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य रह चुके हैं और वर्तमान में सह-अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वहीं कानूनी जगत में चार बार लगातार जीत को अधिवक्ताओं के बीच उनके प्रति भरोसे और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण माना जा रहा है।