उत्सवः भाइयों की कलाइयों में बंधी स्नेह की डोर! देशभर में रक्षाबंधन का उल्लास, राजनीतिक गलियारे से आईं तस्वीरें, दीं शुभकामनाएं

नई दिल्ली। देशभर में रक्षाबंधन का त्योहार आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान हर तरफ खुशियों का माहौल बना हुआ है और बहनें भाईयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध रही हैं। बता दें कि रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्रेम और बंधन का प्रतीक है। राखी सुरक्षा की भावना का प्रतीक है। रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहनों की रक्षा करने का वचन देते हैं। रक्षाबंधन के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत तमाम हस्तियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस बीच अलग-अलग जगहों से रक्षाबंधन के त्योहार की तस्वीरें सामने आई हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा में महिलाओं ने उनके आवास पर पहुंचकर राखी बांधी। इधर पूर्व राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी को राखी बांधी। वहीं गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सांखली में अपने आवास पर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इधर रक्षा बंधन के अवसर पर गांधीनगर के राजभवन में महिलाओं ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को राखी बांधी। वहीं विगत दिवस शुक्रवार को लखनऊ में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह के समापन समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक बच्ची ने रक्षासूत्र बांधा। इधर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में स्कूली छात्रों के साथ रक्षाबंधन मनाया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में पेड़ों को राखी बांधी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक पौधा भी लगाया।