आधी रात हिली तेलंगाना की धरती,भद्राद्री कोठागुडेम में 3.8 तीव्रता का भूकंप,दहशत में सड़कों पर आए लोग
तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में देर रात आए भूकंप के तेज झटकों ने हर तरफ अफरा-तफरी मचा दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.8 दर्ज की गई है। यह झटका देर रात करीब 2 बजकर 26 मिनट पर महसूस किया गया। आधी रात को जब लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक धरती डोलने लगी। डर और दहशत के मारे बड़ी संख्या में लोग अपने मासूम बच्चों और परिवारों के साथ घरों से बाहर निकल आए और रात का बाकी हिस्सा सड़कों पर ही गुजारा।
राहत की बात यह है कि इस आपदा में फिलहाल किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। एक तरफ जहां तेलंगाना में प्राकृतिक हलचल रही, वहीं दूसरी तरफ देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़ी राजनीतिक और सामाजिक हलचल की खबर आ रही है। देश में लगातार हो रहे परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 17 जून से राजस्थान के कोटा शहर से एक बड़े देशव्यापी छात्र सम्मेलन और आंदोलन की शुरुआत करने जा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि कोटा में शंखनाद करने के बाद यह कारवां देश के अलग-अलग बड़े शिक्षा केंद्रों तक पहुंचेगा इस देशव्यापी महा-अभियान में केवल नेता ही नहीं, बल्कि परीक्षा घोटालों से सीधे प्रभावित हुए पीड़ित छात्र, नौकरी की तलाश में जुटे देश के युवा उम्मीदवार, विभिन्न युवा संगठन और शिक्षक वर्ग भी एक मंच पर साथ आएंगे। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अपनी छात्र शाखा एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और जिला कमेटियों के जरिए देश के कोने-कोने में जमीनी स्तर पर संपर्क साधेगी, ताकि युवाओं को उनके अधिकारों के लिए एकजुट किया जा सके।