चौथी बार पिता बने दुबई के क्राउन प्रिंस! बेटी को दिया ऐसा नाम, दुनियाभर में हो रही चर्चा

 Dubai's Crown Prince became a father for the fourth time! Gave such a name to his daughter that it is being discussed all over the world

नई दिल्ली। दुबई के क्राउन प्रिंस हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के घर पर एक बार फिर किलकारी गूंजी है। वह चौथी बार पिता बन गए हैं। बुधवार 26 मार्च को शेख हमदान और उनकी पत्नी शेखा शेख ने बेटी को जन्म दिया। अब उनकी बेटी के नाम की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। दरअसल उन्होंने अपनी बेटी का नाम ‘हिंद’ रखने का फैसला किया है। यह नाम शेख हमदान की मां हिंद बिंत मकतूम बिन जुमा के सम्मान में रखा गया है, जो दुबई के शाही परिवार की परंपरा का एक हिस्सा है। शेख हमदान ने अपनी बेटी हिंद के जन्म के कुछ घंटे बाद ही इस खुशखबरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। पोस्ट में उन्होंने अपनी बेटी के अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआ मांगी। उनकी पोस्ट पर दुनियाभर से शुभकामनाएं और बधाइयां मिलीं। क्राउन प्रिंस शेख हमदान की शादी 6 साल पहले उनके ही चचेरी बहन शेखा शेख से हुई थी। शेखा शेख की निजी जिंदगी बहुत ही प्राइवेट रही है, बावजूद इसके कि वह दुबई के शाही राजपरिवार का हिस्सा हैं। शेख हमदान और शेखा शेख के पहले से ही तीन बच्चे हैं। 2021 में जन्मे जुड़वां बच्चे शेखा और रशिद और 2023 में जन्मा बेटा मोहम्मद बिन। अब, चौथे बच्चे के रूप में उनकी बेटी हिंद का परिवार में स्वागत किया गया है।

शाही परिवार की नामकरण परंपरा

दुबई के शाही परिवार में नवजात बच्चों का नाम पुराने परिवारजनों के सम्मान में रखा जाता है। शेख हमदान ने भी इसी परंपरा का पालन करते हुए अपनी बेटी का नाम अपनी मां हिंद बिंत मकतूम बिन जुमा के नाम पर रखा है। यह परंपरा शाही परिवार की गहरी सांस्कृतिक जड़ों को दर्शाती है, जहां सम्मान और विरासत को विशेष महत्व दिया जाता है। शेख हमदान, जिन्हें अक्सर फजा के नाम से भी जाना जाता है, दुबई के शासक मोहम्मद बिन रशीद अल मकतूम के दूसरे बेटे हैं। वह दुबई के क्राउन प्रिंस के साथ-साथ डिप्टी प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शेख हमदान अपनी रॉयल जिम्मेदारियों के अलावा अपने इंस्टाग्राम पोस्ट और निजी जिंदगी के लिए भी जाने जाते हैं, जहां वे अपने परिवार और जीवनशैली से जुड़ी बातें साझा करते हैं।