रुद्रपुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल! ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत, बोले- जनता को गुमराह कर रही भाजपा

Congress state president Ganesh Godiyal arrived in Rudrapur, received a grand welcome with drums and trumpets, and said, "The BJP is misleading the public."

रुद्रपुर। उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल रविवार को ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रुद्रपुर पहुंचने पर गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर तक मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से मैदान में उतर चुकी है। मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हालिया बयान, जिसमें सड़क पर नमाज न पढ़ने देने की बात कही गई थी, उस पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पास प्रदेश के विकास का कोई ठोस रोडमैप नहीं है और यही वजह है कि सरकार लगातार लोगों को असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है। गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती आर्थिक स्थिति से जूझ रही है, लेकिन भाजपा सरकार इन गंभीर समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों को हवा देकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं, रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और आम आदमी की कमर टूट चुकी है, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चाहिए कि वह प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था, सड़कों की खराब हालत और युवाओं के रोजगार पर बात करें। लेकिन दुर्भाग्य है कि सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है और समाज को बांटने वाले बयान देकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। गणेश गोदियाल ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता अब भाजपा सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी समर्थन मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी।