बड़ी खबरः CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट! 25 हजार से ज्यादा जवान तैनात, छावनी बना कनॉट प्लेस
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के शुक्रवार को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। नई दिल्ली क्षेत्र में 25 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। वहीं, कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के आसपास अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू कर रखी है। CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताएं हुई हैं। इस बार प्रदर्शन का एक प्रमुख मुद्दा पार्टी नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी का विरोध भी है। जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद पार्टी ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जुटने का ऐलान किया है। प्रस्तावित प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की नेहा बोरा और आम आदमी पार्टी के भी शामिल होने की बात कही गई है।
सेंट्रल पार्क बंद, मेट्रो सेवाओं पर फैसला नहीं
प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने लोगों से सेंट्रल पार्क में एकत्र नहीं होने की अपील की है। नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार और शनिवार को पार्क बंद रखने का नोटिस जारी किया है। गुरुवार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें नई दिल्ली क्षेत्र के संयुक्त पुलिस आयुक्त और डीसीपी सहित कई अधिकारी शामिल हुए। पुलिस की डीसीपी (पीआरओ) नेहा यादव ने कहा कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में शांति बनाए रखने तथा लोगों की जान और सरकारी एवं निजी संपत्ति की सुरक्षा के लिए निषेधाज्ञा लागू है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मेट्रो सेवाएं बंद करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है, हालांकि जरूरत पड़ने पर इसे अंतिम विकल्प के रूप में रखा गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि कुछ चुनिंदा लोगों को उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने की व्यवस्था की जा सकती है।
25 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती, हिरासत के लिए बसें तैयार
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक और तीन पर भी अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, मार्च के मद्देनजर पांच हजार अतिरिक्त जवान बुलाए जा रहे हैं। संसद मार्ग और टॉलस्टॉय रोड के बीच करीब 16 बसें खड़ी की गई थीं, जिनका इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए किया जा सकता है। पिछले सप्ताह भी CJP के प्रदर्शन के आह्वान के बाद कनॉट प्लेस में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। इस बार भी पुलिस किसी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए सतर्क है।