प्रकृति की गोद में सीएम हेमंत सोरेन: पत्नी कल्पना सोरेन संग निहारी जोन्हा फॉल की खूबसूरती, चखा स्थानीय फलों का स्वाद

CM Hemant Soren in the lap of nature: Admired the beauty of Jonha Falls with his wife Kalpana Soren and tasted local fruits.

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को राजनीति की आपाधापी से दूर अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल 'जोन्हा फॉल' (गौतमधारा) पहुंचे। मानसून की दस्तक के साथ ही हरी-भरी वादियों, घने जंगलों और कल-कल बहती निर्मल जलधारा के बीच मुख्यमंत्री ने कुछ समय प्रकृति के साए में बिताया। इस दौरान उन्होंने जहां जोन्हा फॉल की अद्भुत छटा का आनंद लिया, वहीं जमीन से जुड़ते हुए स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं भी सुनीं। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर क्षेत्र के पारंपरिक स्थानीय फलों का स्वाद भी चखा।

जोन्हा फॉल की वादियों से देश-दुनिया के पर्यटकों को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा पूरे देश के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र है। उन्होंने कहा, "जोन्हा फॉल की यह निर्मल जलधारा, यहां का शांत वातावरण और चारों ओर फैली हरियाली यह अहसास कराती है कि झारखंड वास्तव में प्रकृति का एक अनुपम उपहार है। यह हमारी साझा धरोहर है, जिसकी रक्षा, सुंदरता और संरक्षण करना हम सभी देशवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।" मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी इस यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि झारखंड के किसी भी हिस्से में चले जाएं, प्रकृति अपने अलग-अलग मनमोहक रंगों में हर किसी का स्वागत करती है। रांची से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित जोन्हा फॉल को 'गौतमधारा' के नाम से भी जाना जाता है, जो राज्य के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर अंकित है। करीब 140 फीट की ऊंचाई से गिरता इसका दूधिया झरना और चारों ओर पहाड़ों पर फैली मखमली हरियाली देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करती है। मानसून के मौजूदा मौसम में इस झरने का जलस्तर और इसकी सुंदरता अपने चरम पर है, जो सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर रही है।