Aug 29, 2026 Login

हरियाणा के विकास पुरुष चौधरी बंसीलाल की जयंती पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी श्रद्धांजलि 

Chief Minister Naib Singh Saini paid tribute to Haryana's development man Chaudhary Bansi Lal on his birth anniversary

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज हरियाणा विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र के दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विकास पुरुष स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल की जयंती पर सदन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी बंसीलाल चार बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे और लगभग 11 वर्षों से अधिक उन्होंने प्रदेश का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने हरियाणा के चहुँमुखी विकास को सुनिश्चित किया इसलिए उन्हें प्रदेश का निर्माता और विकास पुरुष कहा जाता है। उन्होंने बताया कि चौधरी बंसीलाल सात बार हरियाणा विधानसभा के सदस्य, तीन बार लोकसभा के सदस्य और दो बार राज्यसभा के सदस्य रहे। केंद्र सरकार में भी उन्होंने रक्षा मंत्रालय, परिवहन मंत्रालय और रेलवे मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालकर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी बंसीलाल एक कर्मयोगी, मूल्य-आधारित राजनीति के प्रतीक और कुशल प्रशासक थे। उनका व्यक्तित्व स्पष्टवादी और दूरदर्शी था। पाँच दशकों के उनके राजनीतिक जीवन में उनके कठोर परिश्रम और नीतियों ने हरियाणा को नई पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी बंसीलाल का योगदान और उनकी दूरदर्शी नीतियां हमेशा हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी।