गाजियाबाद में कोहराम: गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी की 8वीं मंजिल पर भीषण आग, लिफ्ट बंद होने से 13वीं मंजिल तक मची चीख-पुकार

Chaos in Ghaziabad: Massive Fire on the 8th Floor of Gaur Green Avenue Society; Screams and Panic Erupt Up to the 13th Floor Due to Lift Failure.

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 13 मंजिला इमारत की आठवीं मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि कुछ ही मिनटों में धुएं का गुबार पूरी इमारत में फैल गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले दर्जनों लोग फंस गए।

लिफ्ट हुई बंद, सीढ़ियों पर मची भगदड़ आग लगते ही सुरक्षा के लिहाज से पूरी सोसाइटी की बिजली काट दी गई, जिसके कारण लिफ्ट बीच में ही ठप हो गई। लिफ्ट बंद होने से 9वीं से 13वीं मंजिल के बीच फंसे लोग बालकनी में आकर मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सीढ़ियों की तरफ भागे। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी सोसाइटी प्रबंधन और स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए शुरुआत में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन दल की टीम हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और आधुनिक उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने और ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को रेस्क्यू करने में जुटी है। जांच के घेरे में अग्नि सुरक्षा प्रशासन का पूरा ध्यान अभी आग बुझाने और जान-माल की सुरक्षा पर है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को शुरुआती वजह माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में कर ली जाएगी।