केदारनाथ मार्ग पर 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार,पुलिस ने देवदूत बनकर बचाई महाराष्ट्र की तीन महिलाओं की जान
रुद्रप्रयाग। बाबा केदार के दर्शनों के लिए आ रहे श्रद्धालुओं के साथ शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुप्तकाशी के पास महाराष्ट्र की तीन महिला तीर्थयात्रियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाई, जिससे चालक सहित चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को गुप्तकाशी से आगे जुरानी बैरियर से महज 50 मीटर पहले एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक जब तक वाहन पर काबू पाता, कार सड़क से उतरकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए यातायात टीम ने तुरंत अलर्ट जारी किया। हादसे की खबर मिलते ही यातायात निरीक्षक, इंटरसेप्टर टीम, कोतवाली गुप्तकाशी पुलिस और चौकी फाटा के जवान पलक झपकते ही मौके पर पहुंच गए। केदारघाटी में खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मियों ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसी महाराष्ट्र की तीन महिला यात्रियों और चालक को एक-एक कर बाहर निकाला गया। पुलिस की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी चार लोगों को 'जीवनदान' मिला। रेस्क्यू के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान महाराष्ट्र निवासी यात्रियों के रूप में हुई है। चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ रहे ट्रैफिक और खराब मौसम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि जुरानी बैरियर के पास हुई इस घटना में पुलिस और यातायात टीम के आपसी समन्वय ने कीमती जानों को बचाने में अहम भूमिका निभाई।